बिहार के विधायकों को मिलेंगी हाईटेक स्पोर्ट्स सुविधाएं, आवासीय परिसर में बनेगा आधुनिक स्पोर्ट्स क्लब
Bihar news: बिहार विधान सभा के सदस्यों के लिए वीरचंद पटेल पथ स्थित नवनिर्मित आवासीय परिसर में आधुनिक खेल और फिटनेस सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसको लेकर बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष में भवन निर्माण विभाग, बिहार राज्य भवन निर्माण निगम, खेल विभाग और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में विधायक आवास परिसर में प्रस्तावित स्पोर्ट्स क्लब की सुविधाओं और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि स्पोर्ट्स क्लब में तीन बैडमिंटन कोर्ट के साथ टेबल टेनिस, पैडल बॉल, पिकलबॉल, योग और मेडिटेशन सेंटर के अलावा अत्याधुनिक जिम की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है। इसके साथ ही सदस्यों के लिए एक लाउंज का भी निर्माण किया जाएगा, जहां बिलियर्ड्स टेबल की व्यवस्था होगी। अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने प्रस्तावित सुविधाओं पर सहमति जताई।
बैठक के दौरान खेल विभाग के सचिव ने 40 वर्ष से अधिक उम्र के सदस्यों की फिटनेस को ध्यान में रखते हुए स्पोर्ट्स क्लब में पिलाटेस की सुविधा शुरू करने का सुझाव दिया। अध्यक्ष ने इस सुझाव को भी मंजूरी दे दी।
डॉ. प्रेम कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विधायक आवास परिसर में केवल माननीय सदस्यों के लिए ही नहीं, बल्कि उनके परिवार और बच्चों के लिए भी खेल से जुड़ी जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएं। उन्होंने कहा कि परिसर में बेहतर फिटनेस और खेल सुविधाएं उपलब्ध होने से सदस्यों और उनके परिवारों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में मदद मिलेगी।
बैठक में खेल विभाग के सचिव, बिहार राज्य भवन निर्माण निगम के प्रबंध निदेशक, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक, भवन निर्माण विभाग के मुख्य वास्तुविद समेत बिहार विधान सभा सचिवालय के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।