Bihar MLC Election: JDU ने 4 सीटों पर उतारे उम्मीदवार, नीरज कुमार को पटना से टिकट; जानें पूरी लिस्ट

 

 

Bihar Political News: बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले द्विवार्षिक चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने अपने पत्ते खोल दिए हैं। पार्टी ने बुधवार को चार निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया। प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की ओर से जारी अधिसूचना में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा की गई है।

JDU ने पटना स्नातक, तिरहुत स्नातक, सारण शिक्षक और दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में अपने उम्मीदवार उतारे हैं।

JDU के चार उम्मीदवार कौन-कौन?

पार्टी की ओर से जारी सूची के मुताबिक-

• पटना स्नातक — नीरज कुमार
• तिरहुत स्नातक — अभिषेक झा
• सारण शिक्षक — आनंद पुष्कर
• दरभंगा शिक्षक — घनश्याम राय

प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा के हस्ताक्षर से जारी अधिसूचना में इन चारों नामों को संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के लिए JDU प्रत्याशी बताया गया है।

8 MLC सीटों पर होना है चुनाव

बिहार विधान परिषद की कुल 8 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव होना है। इनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की ओर से उम्मीदवारों के नाम सामने आने का सिलसिला शुरू हो गया है।

निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार इन सीटों के लिए 29 सितंबर 2026 को अधिसूचना जारी होगी। इसके बाद 6 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किया जा सकेगा। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 9 अक्टूबर नाम वापसी की अंतिम तारीख निर्धारित है।

23 अक्टूबर को वोटिंग, 27 को आएगा रिजल्ट

आठों सीटों के लिए 23 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। वोटिंग सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगी। इसके बाद 27 अक्टूबर को मतगणना होगी।

इन सीटों पर मौजूदा विधान परिषद सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त होने वाला है। ऐसे में चुनाव प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाएगी।

JDU की ओर से चार सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा के बाद अब इन निर्वाचन क्षेत्रों में चुनावी मुकाबले की तस्वीर धीरे-धीरे स्पष्ट होने लगी है।