Bihar News: अटल जयंती समारोह में दिखा असहज पल, उपमुख्यमंत्री के पहुंचते ही लौटे मुख्यमंत्री नीतीश
Bihar news: अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर गुरुवार को पटना के पाटलिपुत्र पार्क में आयोजित राजकीय समारोह के दौरान एक अजीब स्थिति देखने को मिली। कार्यक्रम में श्रद्धांजलि देने पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जब मंच से लौट रहे थे, तभी उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आयोजन स्थल पर पहुंचे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सुबह करीब 10:15 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे। उनके साथ मौजूद मंत्रियों और एनडीए के वरिष्ठ नेताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। करीब पांच मिनट के भीतर मुख्य औपचारिकता पूरी हो गई और कार्यक्रम समापन की ओर बढ़ गया।
इसी दौरान लगभग 10:20 बजे उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक मुख्यमंत्री वहां से रवाना हो चुके थे। सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री को उनकी गाड़ी तक जाकर विदा किया। इसके बाद वे वहां मौजूद भाजपा नेताओं से बातचीत करते नजर आए। बातचीत के दौरान उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि क्या किसी और नेता को भी कार्यक्रम में देर हुई थी।
सम्राट चौधरी का कहना था कि उन्हें कार्यक्रम का समय 10:30 बजे बताया गया था। ऐसे में वे देर से पहुंचे या मुख्यमंत्री समय से पहले आ गए—इस पर आयोजन स्थल पर चर्चा होती रही।
इस राजकीय समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के अलावा ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, विधायक संजीव चौरसिया, रत्नेश कुशवाहा, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. उदय कांत मिश्रा, बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष नंद किशोर यादव, जदयू प्रदेश महासचिव रंजीत झा सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सभी गणमान्य व्यक्तियों ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।