Bihar news: अप्रैल में जून जैसा कहर! 43°C के करीब पहुंचा पारा, बिहार में लू का अलर्ट- राहत अभी दूर
राज्य में तापमान खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। गया सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी पटना समेत कई जिलों में पारा 40 डिग्री के पार जा चुका है। मौसम विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि आने वाले दो दिनों तक हालात और चुनौतीपूर्ण बने रहेंगे।
भीषण गर्मी का असर जनजीवन पर साफ दिखने लगा है। मजदूर वर्ग से लेकर किसान तक इस तपिश से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। दक्षिण-पश्चिम बिहार के कई जिलों- बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, मोतिहारी, भागलपुर, शेखपुरा और अरवल—में अगले 48 घंटों तक लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के करीब 20 जिलों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहने का अनुमान है।
हालांकि, मौसम में थोड़ी राहत की उम्मीद भी जताई गई है। 24 और 25 अप्रैल को पटना सहित कुछ इलाकों में बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है। इसके पीछे पश्चिमी विक्षोभ का असर बताया जा रहा है, जो 23 अप्रैल से सक्रिय होगा।
लेकिन फिलहाल हालात यही इशारा कर रहे हैं कि इस बार गर्मी ने अपने सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ने की तैयारी कर ली है और लोगों को अभी कुछ दिन और इस तपिश का सामना करना पड़ सकता है।