Bihar News: बिहार में उर्वरक की नहीं है कोई कमी, कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई- कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा
Bihar News: बिहार में उर्वरकों की कमी की खबरों के बीच कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि राज्य में किसानों की जरूरत के मुताबिक पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है और किसी भी जिले में इसकी कमी नहीं है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि कालाबाजारी, जमाखोरी और अधिक कीमत पर उर्वरक बेचने वालों के खिलाफ सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
कृषि मंत्री ने शुक्रवार को विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों तक समय पर और निर्धारित मूल्य पर खाद पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री ने किसानों से अपील की कि उर्वरक खरीदते समय रसीद जरूर लें। यदि कोई दुकानदार अधिक कीमत वसूलता है, खराब गुणवत्ता का उर्वरक देता है या किसी तरह की गड़बड़ी करता है, तो इसकी शिकायत तुरंत जिला कृषि पदाधिकारी कार्यालय, विभागीय हेल्पलाइन 0612-2233555 या व्हाट्सएप नंबर 7766085888 पर करें। उन्होंने कहा कि हर शिकायत की तत्काल जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
सीमावर्ती जिलों के कृषि पदाधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर उर्वरकों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और दूसरे राज्यों में अवैध परिवहन पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
कृषि मंत्री ने बताया कि 10 जुलाई तक राज्य में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है। वर्तमान में यूरिया 4.33 लाख मीट्रिक टन, डीएपी 1.43 लाख मीट्रिक टन, एनपीके 2.52 लाख मीट्रिक टन, एमओपी 0.69 लाख मीट्रिक टन और एसएसपी 1.26 लाख मीट्रिक टन का भंडार मौजूद है।
उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन 2026 के दौरान किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए राज्य से लेकर जिला और प्रखंड स्तर तक प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह सक्रिय है। सरकार का लक्ष्य है कि हर किसान को बिना किसी परेशानी के उचित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध हो और खेती प्रभावित न हो।