Bihar news: विधानसभा में दिखा अनोखा नज़ारा, राज्यपाल का पैर छूते दिखे सीएम नीतीश कुमार

 

Bihar news: बिहार विधानमंडल के बजट सत्र की शुरुआत के साथ ही पहले दिन विधानसभा परिसर में एक अलग ही नजारा देखने को मिला। दोनों सदनों की संयुक्त बैठक के दौरान राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान का अभिभाषण आयोजित किया गया। इसी मौके पर जब राज्यपाल विधानसभा पहुंचे तो उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

गार्ड ऑफ ऑनर के दौरान अचानक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यपाल के पैर छूने लगे। यह देखकर राज्यपाल ने तुरंत उन्हें ऐसा करने से रोका। यह पूरा वाकया वहां मौजूद कैमरों में कैद हो गया और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह और मंत्री विजय चौधरी भी मौके पर मौजूद थे। सभी नेता मुस्कुराते हुए राज्यपाल का अभिवादन करते नजर आए, जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उन्हें सम्मान देने के लिए आगे बढ़े।

यह पहली बार नहीं है जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राज्यपाल के बीच ऐसा दृश्य सामने आया हो। इससे पहले 30 जनवरी को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के मौके पर भी दोनों की एक तस्वीर चर्चा में रही थी, जिसमें मुख्यमंत्री राज्यपाल के कंधे पर हाथ रखकर चलते नजर आए थे।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अक्सर सार्वजनिक मंचों पर वरिष्ठ नेताओं के प्रति सम्मान दिखाते हुए पैर छूते नजर आते रहे हैं। इसे लेकर विपक्ष पहले भी सवाल उठाता रहा है। हालांकि समर्थकों का कहना है कि यह मुख्यमंत्री की सादगी और सम्मान की भावना को दर्शाता है।

बजट सत्र के पहले दिन हुए इस घटनाक्रम ने राजनीतिक हलकों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी खूब सुर्खियां बटोरी हैं।