Bihar news: विपक्ष के हर भ्रम का देंगे करारा जवाब, सदन में सरकार के साथ चट्टान की तरह खड़ा रहेगा हम (से.)

 
Bihar news: हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन के निर्देश पर मंगलवार को पार्टी के विधानमंडल दल की अहम बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पटना स्थित उनके सरकारी आवास, 25 स्ट्रैण्ड रोड पर संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता स्वयं डॉ. संतोष कुमार सुमन ने की।

बैठक में पार्टी के सभी विधायकों और वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। इसमें विधायक दल के नेता और सिकंदरा विधायक प्रफुल्ल मांझी, बाराचट्टी विधायक ज्योति देवी, इमामगंज विधायक दीपा कुमारी, कुटुम्बा विधायक ललन राम उर्फ ललन भुइयाँ, अतरी विधायक रोमित कुमार, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मंत्री डॉ. अनिल कुमार, प्रधान महासचिव राजेश पाण्डेय और मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता श्याम सुन्दर शरण मौजूद रहे।

बैठक के दौरान राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और विपक्ष की ओर से फैलाए जा रहे भ्रम और नकारात्मक प्रचार पर विस्तार से चर्चा हुई। पार्टी ने स्पष्ट किया कि हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के सभी विधायक विधानसभा के हर सत्र में मजबूती के साथ सरकार का पक्ष रखेंगे और विपक्ष के आरोपों का तथ्यात्मक व राजनीतिक रूप से करारा जवाब देंगे।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पार्टी के सभी विधायक सदन की प्रत्येक कार्यवाही में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे और सरकार के पक्ष में निर्भीक होकर मतदान करेंगे। साथ ही सदन के भीतर और बाहर, दोनों मंचों पर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास से जुड़े फैसलों का खुलकर समर्थन किया जाएगा।

पार्टी नेताओं ने दो टूक कहा कि बिहार की जनता ने विकास, सामाजिक न्याय और सुशासन के लिए अपना जनादेश दिया है। इस जनादेश को कमजोर करने की किसी भी कोशिश को हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) कभी सफल नहीं होने देगा।