Bihar news: बिहार के हर प्रखंड में खुलेगा डिग्री कॉलेज, लड़कियों की पढ़ाई होगी आसान: नीतीश कुमार
मुख्यमंत्री ने बताया कि फिलहाल बिहार के 534 प्रखंडों में से 213 प्रखंड ऐसे हैं, जहां कोई भी अंगीभूत या संबद्ध डिग्री कॉलेज नहीं है। सरकार ने पहले चरण में इन सभी 213 प्रखंडों में नए डिग्री कॉलेज खोलने का फैसला लिया है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि जुलाई 2026 तक इन कॉलेजों में पढ़ाई शुरू कर दी जाए।
पुराने कॉलेज बनेंगे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
सरकार ने राज्य के पुराने और प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों को नई पहचान देने की भी योजना बनाई है। इसके तहत 55 शिक्षण संस्थानों को ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के रूप में विकसित किया जाएगा। इन संस्थानों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा ताकि छात्र-छात्राओं को बेहतर और रोजगार से जुड़ी शिक्षा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इन संस्थानों के विकास में अनुभवी शिक्षकों और पूर्व व वर्तमान छात्रों से सुझाव लिए जाएंगे, ताकि योजनाबद्ध तरीके से सुधार किया जा सके और संस्थानों की खोई हुई गरिमा वापस लाई जा सके।
शिक्षा से विकास को मिलेगी रफ्तार
नीतीश कुमार ने कहा कि हर प्रखंड में डिग्री कॉलेज खुलने से लड़कियों को पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे उनका उच्च शिक्षा में नामांकन बढ़ेगा। वहीं, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनने से युवाओं को कौशल और रोजगारपरक शिक्षा मिलेगी।
सरकार का मानना है कि इन फैसलों से न सिर्फ शिक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि राज्य के समग्र विकास को भी नई दिशा मिलेगी।