Bihar news: पब्लिक जगहों पर अश्लील गाने बजाए तो सीधा केस: बिहार में पुलिस को सख्त कार्रवाई का आदेश
Bihar news: बिहार में अब सार्वजनिक जगहों पर बजने वाले अश्लील और दोहरे अर्थ वाले गानों पर सख्त कार्रवाई होगी। डिप्टी सीएम सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने पुलिस विभाग को स्पष्ट निर्देश दिया है कि बस, ट्रक, ऑटो, बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर फूहड़ गीत बजाने वालों के खिलाफ कानूनी कदम उठाया जाए। आदेश नहीं मानने वालों पर केस दर्ज कर जेल भी भेजा जा सकता है।
सरकार का कहना है कि ऐसे गाने समाज के माहौल को खराब करते हैं और महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं। साथ ही बच्चों और किशोरों पर भी इसका गलत असर पड़ता है। इसी को देखते हुए यह सख्त कदम उठाया गया है।
गृह विभाग की ओर से जारी निर्देश में सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को विशेष अभियान चलाने को कहा गया है। भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों और पब्लिक ट्रांसपोर्ट में खास निगरानी रखने का आदेश दिया गया है। अगर कोई व्यक्ति या संचालक अश्लील भोजपुरी, मगही, मैथिली या किसी भी भाषा के भद्दे गाने बजाते हुए पकड़ा जाता है, तो उसके खिलाफ तुरंत FIR दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
सरकार ने इसे सिर्फ कानून व्यवस्था का मामला नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ा कदम बताया है। अब देखना होगा कि यह अभियान जमीन पर कितना असर दिखाता है और सार्वजनिक जगहों पर फूहड़ गानों पर कितनी रोक लग पाती है।