Bihar news: फटाफट सड़क निर्माण का फटाफट रिजल्ट- एक दिन भी नहीं टिक पाई नई पीचिंग
Bihar news: बिहार में सड़कों की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजा मामला सुपौल जिले के पिपरा प्रखंड के अमहा गांव से सामने आया है, जहां बन रही नई सड़क पर ग्रामीणों ने गंभीर अनियमितता का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि सड़क बनने के अगले ही दिन उखड़ने लगी।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण का काम रात के समय जल्दबाजी में किया गया। पीचिंग का काम सही तरीके से नहीं हुआ, जिसके कारण सड़क की गिट्टी हल्का दबाव पड़ते ही बाहर निकल जा रही है। कई जगहों पर सड़क की ऊपरी परत टूट चुकी है।
रात में जल्दबाजी में हुआ काम, गुणवत्ता पर सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कंपनी ने विभागीय नियमों का पालन नहीं किया। सड़क पर किस विभाग से काम हो रहा है, कितनी लागत है और सड़क कहां से कहां तक बन रही है इसकी जानकारी देने वाला बोर्ड भी मौके पर नहीं लगाया गया है। इससे पारदर्शिता पर भी सवाल उठ रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक यह सड़क ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल त्रिवेणीगंज के अंतर्गत बनाई जा रही है, जो NH-106 अमहा वार्ड 4 से अमहा वार्ड 2 ततमा टोला तक जाती है।
ग्रामीणों ने की जांच की मांग
सड़क की खराब हालत देखकर ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल त्रिवेणीगंज के जेई प्रमोद कुमार ने कहा है कि शिकायत मिली है और स्थल पर जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।