Bihar news: इलाज से लेकर पैरवी तक… IGIMS मुद्दे पर विधानसभा में सियासी नोकझोंक

 

Bihar news: बिहार विधानसभा के शुक्रवार के सत्र में IGIMS में इलाज और बेड की उपलब्धता का मुद्दा गरमा गया। सवाल गंभीर था, लेकिन बहस के दौरान तंज और हल्के-फुल्के व्यंग्य ने सदन का माहौल कुछ देर के लिए हल्का भी कर दिया।

जदयू विधायक आदित्य कुमार ने मरीजों को बेड न मिलने की शिकायत उठाते हुए कहा कि फोन करने के बावजूद अस्पताल में जगह नहीं मिल पाती। उन्होंने IGIMS में विधायक कोटा जैसी व्यवस्था की मांग रखी।

इस पर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने जवाब देते हुए कहा कि “जब बेड खाली रहेंगे, तभी मरीजों को मिलेंगे।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विधायकों की अनुशंसा को प्राथमिकता से देखा जाता है और जल्द ही IGIMS में 2400 नए बेड जोड़े जाएंगे, जिससे दबाव कम होगा।

बहस के दौरान राजद विधायक चन्द्रशेखर ने सवाल उठाया कि जिस तरह AIIMS Patna में कुछ विशेष व्यवस्थाएं हैं, क्या वैसी सुविधा IGIMS में भी संभव है। इस पर मंत्री ने व्यंग्य करते हुए कहा कि “चन्द्रशेखर जी हर महीने सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक पैरवी करते हैं।” उन्होंने मुस्कराते हुए जोड़ा कि फोन पर कही गई बातें अगर सदन में बोल दी जाएं तो शायद विपक्ष को अच्छा न लगे।

सत्ताधारी दल के कुछ विधायकों ने भी प्राथमिकता की मांग की, जिस पर मंत्री विजय चौधरी ने तंज कसते हुए कहा कि “लगता है सत्ताधारी दल के सदस्यों को भी ईर्ष्या हो रही है।”

माहौल तब और हल्का हो गया जब राजद विधायक कुमार सर्वजीत ने मजाकिया अंदाज में कहा, “चन्द्रशेखर जी के पास भाभी जी का नंबर तो नहीं? क्योंकि हमारी तो सुनी नहीं जाती।”

गंभीर मुद्दे पर हुई इस चर्चा में जहां स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और दबाव की तस्वीर सामने आई, वहीं हास्य-व्यंग्य ने सदन की कार्यवाही को कुछ देर के लिए हल्का बना दिया।