Bihar news: पटना जू में एक दिन में 19,378 पर्यटक, साल का दूसरा सबसे बड़ा रिकॉर्ड कायम

 

Patna News: राजधानी के मशहूर संजय गांधी जैविक उद्यान (पटना जू) में रविवार को ऐसा नज़ारा दिखा, मानो पूरा शहर प्रकृति की गोद में सुकून तलाशने निकल पड़ा हो। एक ही दिन में 19,378 लोगों ने जू का भ्रमण किया। यह आंकड़ा इस साल 1 जनवरी के बाद दूसरा सबसे बड़ा दैनिक रिकॉर्ड है।

आंकड़ों में रिकॉर्ड भीड़

जू प्रशासन के मुताबिक कुल आगंतुकों में 11,879 वयस्क, 1,421 बच्चे, 8 दिव्यांग, 4,102 वयस्क समूह और 1,968 बच्चों के समूह शामिल रहे। वहीं 3D थिएटर का भी खासा क्रेज दिखा, जहां 1,107 लोगों ने शो का आनंद लिया। इनमें 879 वयस्क और 228 बच्चे थे।

मौसम और वीकेंड का असर

सुहावने मौसम और छुट्टी के दिन का फायदा उठाते हुए बड़ी संख्या में परिवार, छात्र-छात्राएं और प्रकृति प्रेमी जू पहुंचे। बच्चों में वन्यजीवों को करीब से देखने का उत्साह साफ झलक रहा था।

देश के प्रमुख जू में शुमार

करीब 153 हेक्टेयर में फैला यह जैविक उद्यान देश के प्रमुख जू में चौथे स्थान पर गिना जाता है। यहां 93 प्रजातियों के लगभग 1100 से अधिक वन्यजीव संरक्षित हैं। शेर, बाघ, तेंदुआ, भालू, दरियाई घोड़ा, हाथी, मगरमच्छ और हिरण की कई प्रजातियां पर्यटकों को खास आकर्षित करती हैं।

वनस्पति का भी खजाना

सिर्फ जानवर ही नहीं, बल्कि यहां 800 से अधिक पौधों की प्रजातियां भी संरक्षित हैं। औषधीय, सजावटी और दुर्लभ पौधों के साथ जल उद्यान का उन्नयन भी किया गया है। नेचर एजुकेशन लाइब्रेरी, कैफेटेरिया और बोटिंग जैसी सुविधाएं जू को फैमिली पिकनिक स्पॉट के रूप में और भी लोकप्रिय बनाती हैं।

बढ़ती भीड़ इस बात का संकेत है कि लोग अब मनोरंजन के साथ-साथ पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण के प्रति भी जागरूक हो रहे हैं। पटना जू की यह रफ्तार आने वाले दिनों में और नए रिकॉर्ड बना सकती है।