Bihar news: CM की कुर्सी छोड़ अब अधूरा सपना पूरा करेंगे नीतीश कुमार! 75 की उम्र में पूरी होगी वर्षों पुरानी ख्वाहिश

 
Bihar News: करीब दो दशकों से बिहार की राजनीति के केंद्र में रहे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को बड़ा फैसला लेते हुए राज्यसभा के लिए नामांकन करने की घोषणा कर दी है। इस ऐलान के साथ ही बिहार की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत की चर्चा तेज हो गई है, क्योंकि 2005 से लगातार सत्ता की कमान संभाल रहे नीतीश कुमार अब नई भूमिका में नजर आ सकते हैं।

दरअसल, नीतीश कुमार ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि अपने लंबे राजनीतिक जीवन में वे विधानसभा, विधान परिषद और लोकसभा—तीनों के सदस्य रह चुके हैं। लेकिन उनके मन में हमेशा से एक इच्छा थी कि वे संसद के उच्च सदन यानी राज्यसभा के भी सदस्य बनें। अब 75 वर्ष की उम्र में उनका यह सपना साकार होने जा रहा है।

अपने संदेश में नीतीश कुमार ने बिहार की जनता के प्रति आभार जताते हुए कहा कि पिछले दो दशकों से जनता का भरोसा और समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा है। इसी विश्वास के बल पर उन्होंने राज्य के विकास और सम्मान के लिए काम किया और बिहार को नई पहचान दिलाने की कोशिश की।

उन्होंने आगे लिखा कि अपने संसदीय जीवन की शुरुआत से ही उनके मन में यह इच्छा थी कि वे बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के दोनों सदनों के सदस्य बनें। इसी क्रम में इस बार वे राज्यसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं।

साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्यसभा जाने के बाद भी बिहार और यहां की जनता के साथ उनका रिश्ता पहले की तरह मजबूत बना रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य में बनने वाली नई सरकार को उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहेगा और विकसित बिहार का संकल्प पहले की तरह जारी रहेगा।

नीतीश कुमार के इस ऐलान के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और अब सबकी नजर इस बात पर है कि राज्य की सत्ता की कमान आगे किसके हाथ में जाती है।