हाईटेक होगी बिहार पुलिस! 49.78 करोड़ से नए थाना, SP ऑफिस और गोरखा बटालियन कैंप- सुरक्षा ढांचे में बड़ा अपग्रेड
49.78 करोड़ से इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत
सरकार ने 16 जनवरी से 20 मार्च 2026 के बीच पुलिस विभाग के कई निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी है, जिन पर कुल 49.78 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तहत चार नए बहुमंजिला (G+3) थाना भवन बनाए जाएंगे, जिन्हें आधुनिक फर्नीचर और सुविधाओं से लैस किया जाएगा।
इसके अलावा एक नया पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय भी तैयार होगा, जबकि डीएसपी और अंचल स्तर के पुलिस कार्यालयों के साथ आवासीय भवनों के निर्माण को भी मंजूरी दी गई है।
नौबतपुर में बनेगा बड़ा पुलिस बेस
पुलिस बल के विस्तार की दिशा में एक और बड़ा फैसला लेते हुए पटना के नौबतपुर में 30 एकड़ जमीन पर बिहार विशेष सशस्त्र बल-01 (गोरखा वाहिनी) के लिए नया बेस कैंप बनाया जाएगा। इसके लिए 40.54 करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी गई है।
सुरक्षा और सुविधा—दोनों पर फोकस
मुख्यालय का कहना है कि इन योजनाओं का उद्देश्य सिर्फ भवन निर्माण नहीं, बल्कि पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, तेज और जवाबदेह बनाना है। आधुनिक संसाधनों से लैस होने के बाद पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और आम जनता को बेहतर सुरक्षा सेवाएं मिल सकेंगी।
आधुनिक बिहार की ओर कदम
लगातार हो रहे इन निवेशों से साफ है कि राज्य सरकार पुलिस व्यवस्था को नई तकनीक और बेहतर ढांचे के साथ अपग्रेड करने में जुटी है, ताकि बदलते समय के अनुरूप कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।