राबड़ी-लालू की सुरक्षा पर बिहार पुलिस का बड़ा बयान, कहा- ‘पूरी सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध, कटौती का सवाल नहीं’

 

 

 

Bihar news: पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की सुरक्षा को लेकर उठे राजनीतिक विवाद के बीच बिहार पुलिस मुख्यालय ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि दोनों नेताओं को निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। पुलिस ने सुरक्षा में किसी प्रकार की कटौती के आरोपों को खारिज किया है।

बिहार पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आधिकारिक स्पष्टीकरण में बताया गया कि लालू प्रसाद यादव को बिहार विशेष सुरक्षा दल अधिनियम-2010 के तहत अंगरक्षक, आवास सुरक्षा, स्कॉट गार्ड, पायलट वाहन और बुलेट रेसिस्टेंट (बीआर) कार की सुविधा दी गई है। इसी प्रकार पूर्व मुख्यमंत्री और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को भी सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत आवश्यक सुरक्षा संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।

पुलिस के अनुसार दोनों नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था में सादे लिबास में विशेष शाखा (स्पेशल ब्रांच) के कर्मियों की भी तैनाती की गई है, ताकि संभावित खतरों पर लगातार नजर रखी जा सके। सुरक्षा एजेंसियां समय-समय पर खतरे के आकलन के आधार पर व्यवस्था की समीक्षा भी करती हैं।

यह स्पष्टीकरण ऐसे समय आया है जब हाल के दिनों में राबड़ी देवी के सरकारी आवास को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई थी। आवास खाली करने के नोटिस के बाद राजद की ओर से सुरक्षा में कमी किए जाने का आरोप लगाया गया था। इस मुद्दे पर राबड़ी देवी ने नाराजगी जताते हुए अपने आवास पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को वापस भेजने की बात भी कही थी।

इसके बाद राजद कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने सुरक्षा के नाम पर राबड़ी आवास और पार्टी कार्यालय के बाहर पहरा देना शुरू कर दिया था, जिससे यह मामला राजनीतिक चर्चा का केंद्र बन गया।

हालांकि बिहार पुलिस ने अब साफ कर दिया है कि लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी दोनों को उनकी सुरक्षा आवश्यकताओं के अनुरूप सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं और सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की कमी नहीं की गई है। पुलिस मुख्यालय के इस बयान के बाद सुरक्षा को लेकर जारी राजनीतिक बहस ने नया मोड़ ले लिया है।