बिहार SSC को मिला नया मुखिया: पूर्व डीजीपी आलोक राज बने कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष, 1 जनवरी से संभालेंगे कमान

 

Bihar news: बिहार प्रशासनिक व्यवस्था में एक अहम जिम्मेदारी का औपचारिक ऐलान हो गया है। बिहार के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) आलोक राज को बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने बुधवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी। वे 1 जनवरी 2026 से पदभार ग्रहण करेंगे।

अब तक अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे आलोक राज की नियुक्ति को स्थायी कर दिया गया है। अधिसूचना के अनुसार, वे पांच वर्षों या 65 वर्ष की आयु पूरी होने तक जो भी पहले हो, इस पद पर बने रहेंगे। गौरतलब है कि आलोक राज आज बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम के महानिदेशक सह प्रबंध निदेशक पद से सेवानिवृत्त हुए हैं।

1989 बैच के आईपीएस अधिकारी रहे आलोक राज का प्रशासनिक और पुलिस सेवा में लंबा व प्रभावशाली करियर रहा है। उन्होंने बिहार के साथ-साथ झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी अहम जिम्मेदारियां निभाईं। आईपीएस बनने के बाद उनकी पहली पोस्टिंग पटना में एएसपी के रूप में हुई थी। चार कुख्यात अपराधियों के एनकाउंटर के लिए उन्हें वीरता पदक से भी सम्मानित किया गया था।

अविभाजित बिहार में उन्होंने रांची, गुमला, देवघर, पश्चिम सिंहभूम, हजारीबाग, सीतामढ़ी और बेगूसराय जैसे संवेदनशील जिलों में पुलिस कप्तान के रूप में अपनी सशक्त पहचान बनाई। इसके अलावा वे वर्ष 2004 से 2011 तक सीआरपीएफ में भी सेवाएं दे चुके हैं। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें डीजी का प्रशंसा डिस्क प्राप्त हुआ।

मुजफ्फरपुर जिले के मूल निवासी आलोक राज ने पटना विश्वविद्यालय से भूगर्भशास्त्र में एमएससी की पढ़ाई की है, जहां वे गोल्ड मेडलिस्ट रहे। प्रशासनिक सेवा के साथ-साथ उन्हें कला और संगीत में भी गहरी रुचि है। वे कई मंचों पर अपने गीतों की प्रस्तुति देते रहे हैं।

 

अब बिहार कर्मचारी चयन आयोग की कमान संभालने के साथ ही उनसे पारदर्शी और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया को और मजबूत बनाने की उम्मीद की जा रही है।