अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बिहार राज्य सहकारी बैंक का योग शिविर, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश
Bihar news: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बिहार राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड की ओर से शनिवार को राजधानी के इको पार्क स्थित राजधानी वाटिका में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में बैंक और सहकारिता विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम में निबंधक सहयोग समितियां रजनीश कुमार सिंह, सहकारिता विभाग के अपर सचिव अभय कुमार सिंह, बिहार राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष रमेश चन्द्र चौबे तथा बैंक के प्रबंध निदेशक मनोज कुमार सिंह समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम के दौरान योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है, जिसे आज पूरी दुनिया ने स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवन का आधार है।
मंत्री ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति न केवल रोगों से दूर रहता है, बल्कि उसकी कार्यक्षमता और जीवन की गुणवत्ता में भी सुधार होता है। उन्होंने समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने नियमित रूप से योग करने तथा स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।