बिहार विधानसभा संग्रहालय को मिलेगी रफ्तार: स्पीकर डॉ. प्रेम कुमार का सख्त निर्देश, हर महीने होगी प्रगति की समीक्षा

 
Bihar News: बिहार विधानसभा परिसर में बन रहे बहुप्रतीक्षित संग्रहालय को लेकर अब काम तेज़ होने जा रहा है। डॉ. प्रेम कुमार ने बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में उच्च स्तरीय बैठक कर निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि काम में तेजी लाई जाए।

बैठक में भवन निर्माण विभाग और विधानसभा सचिवालय के वरीय अधिकारियों के साथ संग्रहालय की रूपरेखा और वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रस्तावित संग्रहालय में 5 अत्याधुनिक गैलरी और एक ऑडिटोरियम बनाया जाएगा, जहां बिहार विधानसभा के गौरवशाली इतिहास को आधुनिक तरीके से प्रदर्शित किया जाएगा।

इस दौरान भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता शशि कांत ने निर्माण कार्य की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी। समीक्षा के बाद स्पीकर ने खुद निर्माण स्थल का निरीक्षण कर काम की गुणवत्ता और गति का जायजा लिया।

डॉ. प्रेम कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संग्रहालय का 3D प्रेजेंटेशन तैयार कर अगली बैठक में प्रस्तुत किया जाए, ताकि परियोजना को और बेहतर तरीके से विकसित किया जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अब हर महीने निर्माण कार्य की समीक्षा की जाएगी, जिससे समयबद्ध तरीके से परियोजना पूरी हो सके।

इसके अलावा निर्माण स्थल पर आम लोगों को जानकारी देने के लिए एक प्रदर्श बोर्ड लगाने का भी निर्देश दिया गया है, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और लोगों को परियोजना की जानकारी मिल सके।

स्पष्ट है कि बिहार विधानसभा संग्रहालय न सिर्फ राज्य के राजनीतिक इतिहास को सहेजेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को लोकतांत्रिक परंपराओं से जोड़ने का एक आधुनिक केंद्र भी बनेगा।