Bihar Vidhan Shabha: राष्ट्रपति ने बिहार आकर जताई खुशी, कहा- मैं अपने घर आया हूं
विधानसभा परिसर के 100 साल पूरा होने के उपलक्ष्य में आज राजधानी पटना में शताब्दी समारोह का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शामिल हुए। इस मौके पर विशेष तैयरियां की गई हैं। विधानसभा परिसर को इस तरह से सजाया गया है कि इसकी खूबसूरती देखते ही बन रही है। विशेषकर रात के समय में यह और भी ज्यादा भव्य लग रहा है। बता दें, विधानसभा परिसर में राष्ट्रपति ने बोधि का पौधा लगाया और शताब्दी स्मृति स्तंभ का भी शिलान्यास किया। इस कार्यक्रम में विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राज्यपाल फागू चौहान समेत कई चेहरे मौजूद रहे।
राज्यपाल ने राष्ट्रपति का किया स्वागत
राज्यपाल फागू चौहान ने राष्ट्रपति और अन्य अथितियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सदन एक ऐसा मंच है जहां जनता की समस्याओं को देखते हुए विचार होता है। इसलिए पक्ष और विपक्ष दोनों को ऊपर उठकर गंभीरता पूर्वक विचार करना चाहिए। राज्यपाल ने कहा, " मुझे विश्वास है कि सदन की गरिमा बनी रहेगी। मैं इस शताब्दी समारोह पर आए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का आभार व्यक्त करता हूं।"
राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में क्या कहा?
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री मुझे बिहारी बोलकर संबोधित कर रहे थे तो मैं गदगद महसूस कर रहा था। कहा, " मैं बिहार आता हूं तो लगता है कि मैं अपने घर में आया हूं। कई बार लोग कहते हैं कि बिहार से निमंत्रण आता है तो मैं टालमटोल नहीं करता हूं। तो कहता हूं कि बिहार का मेरे राज्यपाल होने से ही नाता नहीं है बल्कि कई और भी योगदान रहा है। मैं बिहार आता हूं तो सुखद अनुभूति होती है। " उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का धन्यवाद दिया। राष्ट्रपति ने बिहार के सम्मान में कहा कि बिहार हमेशा रचता है। आज एक इतिहास रचा गया है। आज 100 साल का इतिहास रचा है। आज एक और इतिहास रचा गया है कि आज हमने 100 करोड़ के टीकाकरण को पार कर लिया है।
मुख्यमंत्री ने क्या कहा?
इस मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, बिहार के राज्यपाल भागू चौहान, बिहार विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा, बिहार विधानसभा के सभापति अवधेश नारायण सिंह, उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, रेणू देवी, सांसद और विधायक समेत सबका आभार जताया। उन्होंने कहा, "राष्ट्रपति ने आने के लिए अपना समय दिया। मैं उनका अभिनंदन करता हूं। उनका रिश्ता यहां से काफी पुराना है। वह बिहार के राज्यपाल रहे हैं। हमलोग इन्हें बिहारी भी कहते रहते हैं। रामनाथ कोविंद सीधे राज्यपाल से राष्ट्रपति बने। राष्ट्रपति बनने के बाद यह कई कार्यक्रम में शामिल होने बिहार आए हैं। राष्ट्रपति आज एक बार फिर आए हैं इसके लिए हमें काफी खुशी है। "
बक्सर, भागलपुर और दरभंगा में बंद पड़े आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेजों को एक बार फिर से शुरू करेगी राज्य सरकार- https://newshaat.com/bihar-local-news/state-government-will-once-again-start-closed-ayurvedic/cid5572659.htm