Bihar Weather Alert: बिहार में बारिश का नया दौर शुरू, कई जिलों में ऑरेंज-येलो अलर्ट; वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी
Bihar weather Alert: बिहार में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है। पिछले चार-पांच दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जहां भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत दिलाई है, वहीं अब तेज बारिश और वज्रपात का खतरा भी बढ़ गया है। बिहार मौसम सेवा केंद्र ने 9 जुलाई के लिए राज्य के कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी है।
राजधानी पटना में दिनभर बादल छाए रहने के साथ एक-दो दौर की बारिश या हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। हालांकि यहां भारी बारिश की आशंका नहीं जताई गई है, लेकिन मौसम सुहावना रहने से लोगों को उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार, गोपालगंज और पश्चिमी चंपारण में सबसे अधिक खतरे की स्थिति बन सकती है। इन जिलों में मूसलाधार बारिश, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। हालात को देखते हुए स्थानीय प्रशासन को भी अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा अररिया, सुपौल, किशनगंज, मधेपुरा, मधुबनी और पूर्णिया के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और वज्रपात की आशंका बनी हुई है।
वहीं दरभंगा, कटिहार, समस्तीपुर, सहरसा, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, वैशाली और शिवहर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में मध्यम बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा बना रह सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग का कहना है कि मेघगर्जन के समय खुले मैदानों, पेड़ों, बिजली के खंभों और जलभराव वाले स्थानों से दूर रहें। खासकर किसान, मजदूर और खुले में काम करने वाले लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
बारिश ने भले ही गर्मी से राहत दिलाई हो, लेकिन आने वाले दिनों में यही मौसम कई जिलों के लिए परेशानी का कारण भी बन सकता है। ऐसे में प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करना ही सबसे सुरक्षित विकल्प माना जा रहा है।