Bihar Weather: बिहार में फिर बिगड़ा मौसम, 38 जिलों में अलर्ट; 25 सितंबर को भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी
Bihar Weather Update: बिहार में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। राज्य के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू होने के बीच मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार को सभी 38 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। इनमें 19 जिलों में भारी बारिश को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट और 19 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।
बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम बढ़ा रहा बारिश का खतरा
मौसम विभाग के मुताबिक पूर्व-मध्य और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। अगले 24 घंटे में इसके और प्रभावी होने की संभावना जताई गई है।
इसके बाद इसके उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटों के आसपास पहुंचने के आसार हैं। इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से बिहार में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं।
पटना में बादल, बारिश और वज्रपात का अलर्ट
राजधानी पटना में गुरुवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान एक-दो दौर में बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटे में पटना में दिन के समय तेज धूप रही, लेकिन शाम होते ही मौसम अचानक बदला और आसमान में घने काले बादल छा गए।
उत्तर बिहार में ज्यादा बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक पश्चिम चंपारण से भागलपुर और किशनगंज से लेकर औरंगाबाद तक कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। उत्तर बिहार में बारिश की गतिविधियां ज्यादा रहने की संभावना है।
वहीं दक्षिण बिहार के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बिजली चमकने और गरज-चमक के बीच बारिश होने के आसार हैं।
25 सितंबर को बहुत भारी बारिश की चेतावनी
बिहार में अगले कुछ दिनों तक मौसम से राहत मिलने के आसार कम हैं। मौसम विभाग ने 25 सितंबर को बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी दी है।
इसके बाद 26 और 27 सितंबर को भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को अलर्ट रहने और खराब मौसम के दौरान जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है।