Bihar Weather Report: मार्च की शुरुआत में ही चढ़ा पारा- होली तक 34°C का अलर्ट, बिहार में बढ़ेगी तपिश
तापमान में रोजाना बढ़ोतरी
India Meteorological Department के अनुसार उत्तर और पश्चिम बिहार में तापमान लगातार बढ़ रहा है। भागलपुर में जहां हाल तक अधिकतम तापमान 29 डिग्री के आसपास था, वहीं मार्च के पहले दिन यह 30.4 डिग्री तक पहुंच गया। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक 12.5 डिग्री दर्ज किया गया। तेज पछुआ हवा ने दिन की गर्मी को और तीखा बना दिया।
होली पर राहत की उम्मीद कम
पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 5 से 7 मार्च के बीच अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री के बीच रह सकता है, जबकि रात का तापमान 18 से 22 डिग्री तक जा सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल रोजाना 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है।
इन जिलों में ज्यादा असर
पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज समेत उत्तर-पश्चिम बिहार के कई जिलों में तापमान 30-32 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। अगले सात दिनों तक मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।
खेती और सेहत पर असर
करीब 6 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही शुष्क पछुआ हवा खेतों की नमी कम कर रही है, जिसका असर रबी फसलों पर पड़ सकता है। यदि यही स्थिति बनी रही तो मार्च से मई के बीच तापमान सामान्य से 4-5 डिग्री अधिक रह सकता है।
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर की तेज धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरत पड़ने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी है। इस बार होली के रंगों के साथ गर्मी का रंग भी गहराने वाला है।