Bihar weather update: बिहार में बदला मौसम का मिजाज, कोहरे के बीच धूप से मिलेगी राहत, फरवरी में हल्की बारिश के आसार
Bihar weather update: बिहार के मौसम में इन दिनों बदलाव साफ तौर पर देखा जा रहा है। बीते कुछ दिनों में राज्य के एक-दो जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई, वहीं कई इलाकों में घने कोहरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। शुक्रवार को भी उत्तर बिहार के कुछ जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। हालांकि, जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, आसमान साफ रहने और हल्की पछुआ हवाएं चलने की संभावना है। धूप निकलने से ठंड के असर में काफी कमी आने की उम्मीद है।
आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, आज पूरे प्रदेश में मौसम सामान्य और शुष्क बना रहेगा। सुबह के समय पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, शिवहर और मधुबनी जिलों में घना कोहरा देखा गया। अन्य जिलों में हल्का कुहासा छाया रहा। दिन बढ़ने के साथ धूप खिलने की पूरी संभावना है। कोहरे को देखते हुए इन छह जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
5 फरवरी तक नहीं है कोई चेतावनी
मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार से लेकर 5 फरवरी तक कोहरा या कोल्ड डे को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। इस दौरान आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने की संभावना है। हालांकि 3 फरवरी को भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। बाकी जिलों में मौसम शुष्क और सामान्य रहेगा। आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
फरवरी की शुरुआत में हल्की बारिश संभव
मौसम विभाग के अनुसार, फरवरी की शुरुआत में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। हालांकि फिलहाल किसी बड़े मौसम बदलाव के संकेत नहीं हैं। दिन और रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने से ठंड का असर कम होता जाएगा।
पटना का मौसम
राजधानी पटना में मौसम मिला-जुला रह सकता है। आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना कम है। सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होगी, जबकि दिन में मौसम सुहावना रहेगा। पटना में न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
मौसम बदलने की वजह
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार और आसपास के उत्तरी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ और नमी वाली हवाओं का असर बना हुआ है। इसी कारण वातावरण में नमी बढ़ी है, जिससे कोहरा और बादल देखने को मिल रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यह बदलाव सामान्य मौसमी प्रक्रिया का हिस्सा है और आने वाले दिनों में मौसम धीरे-धीरे सामान्य हो जाएगा।