Bihar Weather Update: बारिश के बाद बढ़ी ठंड, कई जिलों में कोहरा और Rain Alert जारी
Bihar whether Update बिहार में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। कई जिलों में हुई बारिश के बाद ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने राज्य के कुछ हिस्सों में घने कोहरे और हल्की बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। 5 जिलों में बारिश के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। हालांकि पटना समेत कई जिलों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है, लेकिन आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, आज बिहार में अधिकतम तापमान 20 से 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। शाम होते ही ठंड बढ़ेगी और रात में कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है।
पिछले 24 घंटे का मौसम
बीते 24 घंटों में पश्चिम चंपारण के बगहा में तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि बक्सर में हल्की बारिश हुई। औरंगाबाद, बेतिया, सुपौल समेत करीब 10 जिलों में सुबह कोहरा और बादल छाए रहे। भागलपुर राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
क्यों बदल रहा है मौसम
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण बिहार के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। इन कारणों से बादल बन रहे हैं और कुछ इलाकों में बारिश हो रही है।
क्या और बढ़ेगी ठंड?
बारिश के बाद तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है। खासकर रात और सुबह के तापमान में 1 से 2 डिग्री की कमी आ सकती है, जिससे ठंड थोड़ी और बढ़ेगी। हालांकि तेज ठंड पड़ने की संभावना नहीं है।
इन जिलों में कोहरे का असर
29 जनवरी को भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल में घना कोहरा छा सकता है। वहीं 30 जनवरी को पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में सुबह के समय कोहरा रहने की संभावना है। दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ होने की उम्मीद है।
पटना का मौसम कैसा रहेगा
पटना में बारिश की संभावना कम है, लेकिन बादल छाए रहेंगे। सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस की जाएगी। राजधानी में अधिकतम तापमान 23 से 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 से 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।