Bihar Weather Update: बिहार में ठंड का कहर, सुबह-शाम घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित

 

Bihar Weather Update: बिहार में ठंड ने धीरे-धीरे अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। राजधानी पटना सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में बुधवार की सुबह घने कोहरे की चादर छाई रही। सड़कों पर दृश्यता कम होने से आम लोगों के साथ-साथ यातायात भी प्रभावित हुआ। ठंड बढ़ने के साथ ही सुबह और रात के समय लोगों को तेज़ कपकपी महसूस हो रही है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पटना के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम रहा। इससे पहले मंगलवार को तापमान में 1.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई थी।

इन जिलों में रहेगा घना कोहरा

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार पटना के अलावा पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, गोपालगंज, सीवान, दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मुंगेर, जमुई, भागलपुर, समस्तीपुर, वैशाली और गया में रात और सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-मध्य बिहार में दृश्यता काफी कम रह सकती है, जिससे वाहन चालकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।

डबल अटैक से बढ़ी ठंड

राज्य में मौसम का डबल असर देखने को मिल रहा है। एक ओर हिमालय की ओर से आ रही ठंडी हवाएं और दूसरी ओर साफ आसमान के कारण रात के तापमान में तेजी से गिरावट हो रही है। कई जिलों में लोग सुबह और देर शाम अलाव जलाकर ठंड से बचाव करते नजर आए। लगातार बढ़ती ठंड ने आम जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है।

आज कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि सुबह और शाम के समय घना कोहरा छा सकता है। दिन में हल्की धूप निकलने से कुछ राहत जरूर मिलेगी, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन बनी रहेगी।

विभाग ने बताया कि 19 दिसंबर के आसपास पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसका सीधा असर बिहार में कोहरे और ठंड के रूप में दिखेगा। आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में और गिरावट दर्ज किए जाने की संभावना है।