Bihar Weather Update: ‘बारिश गई, लू आई’- बिहार में अचानक बदला मौसम, अब 42°C तक पहुंचेगा पारा- IMD का अलर्ट
India Meteorological Department के अनुसार, आने वाले दिनों में राज्य के कई जिलों में लू जैसे हालात बन सकते हैं। खासकर कैमूर, डेहरी, पटना, गया, औरंगाबाद, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, मुजफ्फरपुर और वैशाली को ज्यादा संवेदनशील बताया गया है।
42 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 4 से 5 दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। कई जिलों में पारा 38 से 42°C तक पहुंचने की संभावना है। राजधानी पटना में तापमान 40°C के करीब, जबकि गया और दक्षिण बिहार में 41-42°C तक जा सकता है।
दोपहर में बाहर निकलना खतरनाक
विशेषज्ञों के मुताबिक दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर निकलना जोखिम भरा हो सकता है। गर्म हवाएं शरीर को तेजी से डिहाइड्रेट कर सकती हैं, जिससे लू लगने का खतरा बढ़ जाता है।
उमस बढ़ाएगी परेशानी
बारिश के बाद वातावरण में बची नमी अब उमस को बढ़ा रही है। ‘फील लाइक’ तापमान वास्तविक तापमान से 2-3 डिग्री ज्यादा महसूस होगा, जिससे दिन में चिपचिपाहट और रात में भी बेचैनी बनी रहेगी।
क्यों बदला मौसम?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो चुका है और बादलों की आवाजाही कम हो गई है। अब सीधी धूप जमीन को तेजी से गर्म कर रही है, जिससे तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। बिहार में अब गर्मी का असली इम्तिहान शुरू हो चुका है आने वाले दिनों में सावधानी ही बचाव है।