Bihar weather update: सूरज पड़ा फीका, बिहार में मेघों का हमला! बारिश और तेज हवाओं से मौसम हुआ सुहाना
राज्य के कई जिलों में लगातार बारिश और तेज आंधी के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और कमी आ सकती है। फिलहाल बिहार में हीटवेव या लू चलने की संभावना नहीं है, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली है।
राजधानी पटना समेत कई जिलों में सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे। पटना में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं खगड़िया में सुबह बारिश हुई, जबकि रोहतास, औरंगाबाद और बक्सर में तेज आंधी और बारिश ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया। बक्सर में सुबह के समय ऐसा अंधेरा छा गया मानो शाम हो गई हो।
सीमांचल क्षेत्र में मौसम का असर सबसे अधिक देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने कटिहार और पूर्णिया के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कैमूर, छपरा और सीवान समेत कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई है, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के 7 जिलों के लिए रेड अलर्ट और 31 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पूर्व मध्य और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है। पुरवा हवाओं के साथ लगातार नमी आने से आंधी और बारिश की गतिविधियां तेज हुई हैं।
बीते 24 घंटों में बिहार का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बेगूसराय, समस्तीपुर और पटना जैसे जिलों में धूप निकलने के बावजूद ठंडी हवाओं के कारण उमस कम महसूस हुई। हालांकि उत्तर और पूर्वी बिहार के कई इलाकों में तेज हवाओं और तूफान से नुकसान की खबरें भी सामने आई हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे बिहार के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं और कई इलाकों में तेज बारिश, आंधी और वज्रपात की संभावना बनी हुई है।