‘जनभागीदारी से ही बनेगा विकसित बिहार’, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार का आह्वान; युवाओं को निभानी होगी बड़ी भूमिका
Bihar News: बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा है कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता की सक्रिय भागीदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और सेवा भावना में निहित है। उन्होंने कहा कि विकसित बिहार और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए समाज के हर वर्ग को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना होगा।
अपने संदेश में डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सुशासन, डिजिटल क्रांति, आधारभूत संरचना, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, युवा कौशल विकास और आत्मनिर्भर भारत जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बिहार अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ज्ञान की परंपरा और युवा शक्ति के दम पर देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने की क्षमता रखता है। इसके लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और तकनीकी नवाचार जैसे क्षेत्रों में समान रूप से काम करने की आवश्यकता है।
उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि संविधान के मूल्यों का सम्मान, सामाजिक सौहार्द बनाए रखना और पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण तथा वृक्षारोपण जैसे जनहित के अभियानों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना समय की जरूरत है।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों की जागरूकता, कर्तव्यनिष्ठा और समाज के प्रति जिम्मेदारी से ही लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयास, सकारात्मक सोच और सेवा की भावना के बल पर बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा और विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएगा।