तपता बिहार, फिर बरसेगा आसमान: 40°C के पार जाएगा पारा, 17 अप्रैल को बारिश- 18 से लू का अलर्ट
पटना समेत कई जिलों में लू जैसे हालात
राजधानी पटना में दोपहर के समय हालात लू जैसे बन गए हैं। तेज धूप और पछुआ हवाओं के कारण लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। मंगलवार को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहा, जिससे तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई।
भभुआ सबसे गर्म, जीरादेई सबसे ठंडा
मौसम विभाग के मुताबिक, कैमूर जिले के भभुआ में अधिकतम तापमान 39.9°C दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। वहीं Siwan के जीरादेई में न्यूनतम तापमान 16.4°C रिकॉर्ड किया गया। राज्य के अन्य हिस्सों में तापमान 30.5°C से 39.9°C के बीच रहा।
17 अप्रैल को सीमांचल में बारिश के आसार
India Meteorological Department के अनुसार 16 अप्रैल तक बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन 17 अप्रैल को सीमांचल के अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार जिलों में हल्की बारिश हो सकती है, जिससे कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
18 अप्रैल से बढ़ेगा खतरा, येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 18 अप्रैल से गर्मी और भी खतरनाक रूप ले सकती है। बक्सर, कैमूर, रोहतास, भोजपुर, औरंगाबाद, गया और पटना जैसे जिलों में लू चलने की आशंका है। इन क्षेत्रों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है और तापमान 40°C के पार जाने की संभावना जताई गई है।