बिहार को मिलेगी नई रफ्तार, पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे से बदलेगी कनेक्टिविटी, जानिए 4 बड़े फायदे

Patna–Purnia Expressway: इस एक्सप्रेस वे के बनने से बिहार के विकास को नई रफ्तार मिल सकेगी. खास बात यह होगी कि बिहार के किसी भी कोने से पटना सिर्फ साढ़े तीन घंटे में ही पहुंचा जा सकेगा. इस एक्सप्रेसवे का जुड़ाव दरभंगा सहित 6 जिलों से होगा. इतना ही नहीं, इस एक्सप्रेसवे से 8 एनएच और 8 एसएच जुड़ेंगे.
 

Patna–Purnia Expressway: बिहार के बहुप्रतीक्षित पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे परियोजना से राज्य की सड़क कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव आने वाला है. इस एक्सप्रेसवे को 8 राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) और राज्य राजमार्ग (SH) से जोड़ा जाएगा, जिससे उत्तर, पूर्व और सीमांचल क्षेत्र से राजधानी पटना तक की यात्रा पहले के मुकाबले कहीं अधिक तेज और आसान हो जाएगी.

परियोजना पूरी होने के बाद बिहार के कई जिलों से पटना पहुंचने में लगने वाला समय काफी कम हो जाएगा. सरकार का दावा है कि राज्य के अधिकांश हिस्सों से करीब साढ़े तीन घंटे में पटना पहुंचना संभव होगा. इससे व्यापार, उद्योग, पर्यटन और आवागमन को नई गति मिलने की उम्मीद है.

इस एक्सप्रेस वे के बनने से बिहार के विकास को नई रफ्तार मिल सकेगी. खास बात यह होगी कि बिहार के किसी भी कोने से पटना सिर्फ साढ़े तीन घंटे में ही पहुंचा जा सकेगा. इस एक्सप्रेसवे का जुड़ाव दरभंगा सहित 6 जिलों से होगा. इतना ही नहीं, इस एक्सप्रेसवे से 8 एनएच और 8 एसएच जुड़ेंगे.

इन 8 नेशनल हाईवे से होगा जुड़ाव

• NH-22

• NH-527E

• NH-119D

• NH-231

• NH-322

• NH-122

• NH-131

• NH-27

इन 8 स्टेट हाईवे से होगा जुड़ाव

• SH-49

• SH-59

• SH-55

• SH-92

• SH-88

• SH-77

• SH-56

• SH-60

सांसद ने सोशल मीडिया पर क्या लिखा?

इसे लेकर सांसद गोपाल जी ठाकुर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर किया. उन्होंने लिखा, 'बिहार की विकास यात्रा को मिलेगी नई रफ्तार. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व एवं बिहार सरकार के सतत प्रयासों से प्रस्तावित पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे उत्तर बिहार के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम साबित होगा'.

आगे उन्होंने यह भी लिखा, 'इस महत्वाकांक्षी परियोजना से दरभंगा सहित उत्तर एवं पूर्वी बिहार की कनेक्टिविटी अभूतपूर्व रूप से मजबूत होगी. एक्सप्रेसवे के माध्यम से 8 राष्ट्रीय राजमार्ग एवं 8 राज्य राजमार्गों का सीधा संपर्क स्थापित होगा, जिससे पटना तक की यात्रा लगभग 3.5 घंटे में संभव हो सकेगी'.

इन जिलों से गुजरेगा एक्सप्रेसवे

पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे के दरभंगा से जुड़ाव को लेकर पिछले दिनों सांसद ने जानकारी दी थी कि लगभग 250 किमी की कनेक्टिविटी में यह एक्सप्रेसवे पूरी तरह से मॉडर्न तकनीक से बनेगा. इस एक्सप्रेसवे के बनने से पटना, वैशाली, पाटलिपुत्र, समस्तीपुर, दरभंगा, सहरसा और पूर्णिया के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी. यह एक्सप्रेसवे इन जिलों से ही गुजरेगा. जानकारी के मुताबिक, हाई-स्पीड पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे में 140 छोटे पुल बनाए जायेंगे. इसके साथ ही 21 हाई लेबल पुल बनेंगे. इसके अलावा 11 रेलवे ओवरब्रिज लगभग 21 इंटरचेंज से गुजरेगा. इसमें 322 अंडरपास बनाए जायेंगे. इस तरह से यह प्रोजेक्ट बिहार के विकास के लिए बेहद खास मानी जा रही है.

एक्सप्रेसवे के 4 बड़े फायदे

  1. यात्रा समय में बड़ी कमी: सीमांचल और उत्तर-पूर्वी बिहार से पटना तक की दूरी कम समय में तय की जा सकेगी.
  2. बेहतर कनेक्टिविटी: एक्सप्रेसवे के 8 NH और SH से जुड़ने से राज्य के प्रमुख शहरों और जिलों के बीच सीधा संपर्क मजबूत होगा.
  3. व्यापार और उद्योग को बढ़ावा: माल ढुलाई तेज होने से लॉजिस्टिक्स लागत घटेगी और निवेश के नए अवसर पैदा होंगे
  4. रोजगार और विकास: एक्सप्रेसवे के आसपास औद्योगिक, व्यावसायिक और सेवा क्षेत्र के विकास के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे.

पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे को बिहार की सबसे महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं में माना जा रहा है. इसके पूरा होने के बाद राजधानी और सीमांचल के बीच की दूरी सिर्फ किलोमीटर में ही नहीं, बल्कि समय और आर्थिक गतिविधियों के लिहाज से भी काफी कम हो जाएगी.