‘अंतरिक्ष से दिखेगा बिहार का भविष्य’-बिहार दिवस पर ISRO की खास किताब का विमोचन

 
Bihar news: बिहार दिवस के खास मौके पर पटना में विज्ञान और तकनीक से जुड़ा एक अनोखा अध्याय जुड़ गया। बिहार विधान परिषद् में आयोजित कार्यक्रम में ‘अंतरिक्ष से बिहार’ पुस्तक का विमोचन किया गया, जिसने राज्य के विकास की नई दिशा को सामने रखा।

इस पुस्तक का संपादन निलेश एम. देसाई, निदेशक, स्पेस एप्लीकेशन सेंटर (ISRO) ने किया है। विमोचन अवधेश नारायण सिंह के हाथों हुआ।

अंतरिक्ष से बिहार की नई तस्वीर
विमोचन के दौरान सभापति ने कहा कि बिहार दिवस के दिन इस पुस्तक का लॉन्च होना गर्व का विषय है। यह किताब दिखाती है कि अंतरिक्ष तकनीक के जरिए बिहार को कैसे और बेहतर समझा जा सकता है।

आपदा प्रबंधन में सैटेलाइट का बड़ा रोल
कार्यक्रम में बताया गया कि ISRO के सहयोग से बिहार में बाढ़, भूकंप, वज्रपात, शीतलहर और आंधी-तूफान जैसी आपदाओं का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सैटेलाइट डेटा के जरिए 15 दिन पहले तक चेतावनी देने की दिशा में काम हो रहा है।

छठ जैसे आयोजनों में भी टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल
सिर्फ आपदा ही नहीं, बल्कि छठ पूजा जैसे बड़े आयोजनों में भीड़ नियंत्रण और निगरानी के लिए भी सैटेलाइट तकनीक के इस्तेमाल की संभावना जताई गई। इसके साथ ही शहरों की वायु गुणवत्ता पर नजर रखने में भी यह तकनीक मददगार साबित हो रही है।

विज्ञान से विकास की ओर कदम
इस मौके पर कई वैज्ञानिक और अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम ने यह साफ कर दिया कि बिहार अब पारंपरिक विकास के साथ-साथ टेक्नोलॉजी और स्पेस साइंस के जरिए भविष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है।