बिहार के साहेबगंज MLA राजू सिंह की सदस्यता बची, सुप्रीम कोर्ट ने हर्ष फायरिंग केस में दी बड़ी राहत

सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री राजू कुमार सिंह को 2018 के हर्ष फायरिंग और गैर इरादतन हत्या के मामले में बड़ी राहत देते हुए उनकी दोषसिद्धि (Conviction) पर रोक लगा दी है.
 

सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री राजू कुमार सिंह को 2018 के हर्ष फायरिंग और गैर इरादतन हत्या के मामले में बड़ी राहत देते हुए उनकी दोषसिद्धि (Conviction) पर रोक लगा दी है. दोषसिद्धि पर रोक लगने के कारण उनकी विधानसभा सदस्यता जाने का संकट फिलहाल टल गया है और उनकी विधायकी बरकरार रहेगी. 

ध्यान रहे कि दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने 4 जुलाई 2026 को राजू सिंह को गैरइरादतन हत्या (IPC की धारा 304 पार्ट 2) और आर्म्स एक्ट के तहत 4 साल की सजा सुनाई थी. जनप्रतिनिधित्व कानून के तहत दो साल या उससे अधिक की सजा होने पर किसी भी जनप्रतिनिधि की सदस्यता समाप्त होने का प्रावधान है.

यह मामला 31 दिसंबर 2018 की रात नई दिल्ली के फतेहपुर बेरी स्थित एक फार्महाउस में न्यू ईयर पार्टी के दौरान हुई हर्ष फायरिंग से जुड़ा है, जिसमें आर्किटेक्ट डॉ. अर्चना गुप्ता की गोली लगने से मौत हो गई थी. इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था.