जनसुनवाई में बिजेंद्र यादव ने सुनीं फरियाद, तेजस्वी पर साधा निशाना; बोले- नीतीश का 20 साल का शासन स्वर्णिम काल

 

Bihar news: बिहार जदयू प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने राज्य के अलग-अलग जिलों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने फरियादियों की शिकायतों और समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को उनके नियमानुसार समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

कार्यक्रम में विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ ‘गांधी जी’ भी मौजूद रहे।

‘नीतीश कुमार का 20 साल का कार्यकाल बिहार के लिए स्वर्णिम काल’

जनसुनवाई के बाद मीडिया से बातचीत में उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लंबे कार्यकाल को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि 2005 में सत्ता संभालने के बाद नीतीश कुमार ने बिहार को अराजकता, अव्यवस्था और बदहाली के दौर से बाहर निकालने का काम किया।

उन्होंने दावा किया कि पिछले 20 वर्षों में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक बदलाव हुए हैं और बिहार की तस्वीर और तकदीर बदलने की दिशा में कई महत्वपूर्ण काम किए गए हैं। बिजेंद्र यादव ने नीतीश कुमार के इस कार्यकाल को बिहार के लिए ‘स्वर्णिम काल’ बताया।

बाढ़ राहत को लेकर सरकार का दावा- पूरी मजबूती से जुटा प्रशासन

बिहार में बाढ़ की स्थिति को लेकर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने के लिए सरकार पूरी तत्परता से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान जारी है और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार बाढ़ पीड़ितों के साथ मजबूती से खड़ी है और राहत कार्यों में किसी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी।

तेजस्वी यादव के बयान पर भी किया पलटवार

बाढ़ के मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बयानों पर बिजेंद्र प्रसाद यादव ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव “जानकारी के अभाव में अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।”

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बाढ़ प्रभावित इलाकों की स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और राहत एवं बचाव कार्य को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।