मुजफ्फरपुर में 110 करोड़ से बनेगा बायो-गैस प्लांट, 2000 को रोजगार

मुजफ्फरपुर के बरियारपुर में 110 करोड़ रुपए की लागत से कंप्रेस्ड बायो-गैस प्लांट बनेगा। इसके लिए उद्योग विभाग ने 4.13 लाख वर्ग फीट जमीन आवंटित की है।
 

मुजफ्फरपुर के बरियारपुर में 110 करोड़ रुपए की लागत से कंप्रेस्ड बायो-गैस प्लांट बनेगा। इसके लिए उद्योग विभाग ने 4.13 लाख वर्ग फीट जमीन आवंटित की है। प्लांट से 2000 लोगों को सीधे रोजगार मिलेगा। यहां कृषि अपशिष्ट, पराली, गन्ने की खोई और गोबर से गैस तैयार की जाएगी। इसके उत्पादन से सीएनजी और पीएनजी के विकल्प के रूप में सस्ती गैस उपलब्ध होगी। इसकी कीमत मौजूदा सीएनजी और पीएनजी से 35 से 40% तक कम होने का दावा किया गया है।

पेट्रोल, डीजल और गैस की बढ़ती कीमतों को देखते हुए कंप्रेस्ड बायो-गैस के उत्पादन की योजना बनाई गई है। उद्योग विभाग के मुताबिक, इसकी कैलोरीफिक वैल्यू और गुण सीएनजी के समान होंगे। इसलिए मौजूदा गैस पाइपलाइन नेटवर्क और वाहनों में इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा। बड़े तकनीकी बदलाव की जरूरत नहीं होगी। प्लांट में तैयार कंप्रेस्ड बायो-गैस का इस्तेमाल वाहनों के ईंधन के रूप में होगा। इसे मौजूदा सीएनजी स्टेशनों के माध्यम से वितरित किया जाएगा। पीएनजी नेटवर्क में मिलाकर घरों और होटलों तक भी पहुंचाया जा सकेगा। मुजफ्फरपुर और आसपास के जिलों के ईंट भट्ठों, बॉयलरों, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों और अन्य उद्योगों में भी इसका इस्तेमाल होगा।

5 जिलों के किसानों को लाभ, 2000 को रोजगार

किसान पराली और कृषि अपशिष्ट बेच सकेंगे। इससे उनकी आमदनी बढ़ेगी।

 पराली और कृषि अपशिष्ट का इस्तेमाल होगा। इससे खेतों में पराली जलाने की समस्या घटेगी।

प्लांट के अवशेष से उच्च गुणवत्ता वाली जैविक खाद बनेगी। खेती को फायदा होगा। इंजीनियर, तकनीशियन, सुरक्षा कर्मी और कुशल-अकुशल श्रमिकों को सीधे रोजगार मिलेगा। मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, पूर्वी चंपारण, वैशाली और सीतामढ़ी के किसानों को फायदा होगा। सड़कों, बिजली, बैंकिंग और बाजारों का विकास होगा।