भाजपा विधायक को गुंडागर्दी का लाइसेंस? तेजस्वी का सम्राट सरकार पर तीखा हमला, कानून व्यवस्था पर उठाए बड़े सवाल

 
Patna News: बिहार की सियासत में कानून व्यवस्था और पुलिस कार्रवाई को लेकर घमासान तेज हो गया है। नेता प्रतिपक्ष तेजश्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि बिहार में सत्ता के संरक्षण में दबंगई और गुंडागर्दी चरम पर पहुंच चुकी है।

तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि भाजपा का एक विधायक गरीबों के घर में घुसकर मारपीट कर रहा है। उन्होंने सरकार से सवाल पूछा कि क्या भाजपा विधायक होने का मतलब “गुंडागर्दी की खुली छूट” मिल जाना है? उन्होंने कहा कि वीडियो सार्वजनिक होने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं होना सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों और दबंगों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि वे खुलेआम हिंसा कर रहे हैं, जबकि सरकार तमाशबीन बनी हुई है।

इसी दौरान तेजस्वी यादव ने TRE शिक्षक अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज को भी मुद्दा बनाते हुए सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि नौकरी की मांग कर रहे युवाओं को बेरहमी से पीटा गया और हजारों छात्रों पर मुकदमे दर्ज कर दिए गए। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या रोजगार मांगना अब अपराध हो गया है?

तेजस्वी ने कहा कि युवाओं को नौकरी देने के बजाय उन पर लाठियां बरसाई जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संवाद करने के बजाय दमन की राजनीति कर रही है।

अपने बयान के अंत में तेजस्वी यादव ने साफ कहा कि विपक्ष जनता के मुद्दों पर चुप नहीं बैठेगा और सरकार को हर सवाल का जवाब देना होगा। उनके इस तीखे हमले के बाद बिहार की राजनीति में बयानबाजी और सियासी टकराव और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।