बेतिया में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, BJP सांसद डॉ. संजय जयसवाल ने 2043 तक विकसित भारत का लिया संकल्प

 

Bettiah: आजादी के जश्न और राष्ट्रभक्ति के जोश से सराबोर माहौल में, प. चम्पारण के भाजपा सांसद एवं लोकसभा सचेतक डॉ. संजय जयसवाल ने गुरुवार सुबह बेतिया के नज़र बाग से भव्य तिरंगा यात्रा की शुरुआत की।

इस यात्रा में बेतिया और आसपास के इलाकों से सैकड़ों की संख्या में युवा और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। यात्रा पूरे नगर क्षेत्र से होते हुए शहीद पार्क पहुंचकर संपन्न हुई।

यात्रा के दौरान डॉ. जयसवाल ने कहा, यह भारत हम भारतीयों का है। हमारे देश पर किसी ने भी बुरी नजर डाली, तो हम उसका मुंहतोड़ जवाब देंगे। 2043 तक हम सब मिलकर भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाएंगे।"

इस मौके पर देशभक्ति के नारों और तिरंगे के रंग में रंगे युवा, पूरे जोश और गर्व के साथ शहर की सड़कों पर निकले। यात्रा के दौरान देशभक्ति गीत और जयघोष से माहौल गूंजता रहा।