बिहार चुनाव से पहले दिल्ली में बीजेपी की बड़ी बैठक, सीट बंटवारे पर होगा फाइनल फैसला

 

Patna: बिहार में शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी ख़बर आई है। शिक्षा विभाग ने STET और TRE-4 दोनों परीक्षाओं की तिथियों का ऐलान कर दिया है। लंबे समय से STET परीक्षा को लेकर अभ्यर्थी आंदोलन और प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन अब विभाग ने साफ कर दिया है कि TRE-4 से पहले STET परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।

मंगलवार को शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

STET परीक्षा की पूरी जानकारी
    •    ऑनलाइन आवेदन : 8 से 10 सितंबर
    •    परीक्षा तिथि : 4 से 25 अक्टूबर
    •    परिणाम जारी : 1 नवंबर

शिक्षा मंत्री ने कहा कि अभ्यर्थियों की मांग के बाद सरकार ने यह निर्णय लिया है कि TRE-4 से पहले STET परीक्षा कराई जाएगी। आवेदन प्रक्रिया इसी महीने शुरू होगी और केवल तीन दिन (8 से 10 सितंबर) तक ऑनलाइन फॉर्म भरे जाएंगे।

TRE-4 परीक्षा का शेड्यूल
    •    परीक्षा तिथि : 16 से 19 दिसंबर
    •    परिणाम जारी : 20 से 26 जनवरी

TRE-4 परीक्षा की सबसे अहम बात यह है कि इसमें कितनी रिक्तियां होंगी, इसका ब्योरा जल्द ही जारी किया जाएगा। शिक्षा मंत्री ने बताया कि सभी जिलों से खाली पदों का आंकड़ा जुटाया जा रहा है। जैसे ही प्रक्रिया पूरी होगी, रिक्तियों की सूची बीपीएससी को भेजी जाएगी और उसके बाद विज्ञापन जारी किया जाएगा।

शिक्षकों के लिए ट्रांसफर की सुविधा

प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिक्षा मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि राज्य के शिक्षकों के लिए ट्रांसफर प्रक्रिया 5 से 13 सितंबर तक चलेगी। इस दौरान शिक्षक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे और उन्हें तीन जिलों का विकल्प चुनने का मौका मिलेगा। विभाग का दावा है कि यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से पूरी होगी।

अब तक की नियुक्तियां और शिक्षक संख्या

शिक्षा मंत्री ने बताया कि अब तक 2.35 लाख से ज्यादा शिक्षकों की नियुक्ति हो चुकी है। इसके साथ ही प्रधानाध्यापकों की बहाली भी की गई है। पंचायत व्यवस्था से आए शिक्षकों को भी अब सरकारी सेवक का दर्जा दे दिया गया है। फिलहाल, पूरे बिहार में 5.97 लाख शिक्षक कार्यरत हैं।

अभ्यर्थियों की तैयारी को मिला सहारा

गौरतलब है कि 4 सितंबर को STET अभ्यर्थियों ने बड़े आंदोलन का ऐलान किया था। लेकिन शिक्षा विभाग ने पहले ही परीक्षाओं की तिथियों की घोषणा कर यह साफ कर दिया कि भर्ती और परीक्षा की प्रक्रिया तय समय पर ही होगी। इससे लाखों अभ्यर्थियों को राहत मिली है और अब वे अपने लक्ष्य को लेकर और गंभीरता से तैयारी कर सकेंगे।