BPSC TRE-4: दो चरणों में चयन प्रक्रिया पर आयोग ने साफ किया रुख, सितंबर से आवेदन
Bihar News: बिहार में शिक्षक भर्ती के चौथे चरण यानी TRE-4 को लेकर अभ्यर्थियों के बीच चल रहे सवालों पर बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। आयोग के परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में परीक्षा के पैटर्न, आवेदन प्रक्रिया, नेगेटिव मार्किंग और संभावित परीक्षा तिथि समेत कई अहम बिंदुओं की जानकारी दी।
दो स्तर की परीक्षा पर आयोग ने दिया जवाब
TRE-4 में दो स्तरों पर परीक्षा आयोजित किए जाने को लेकर उठ रहे सवालों पर परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि बिहार ऐसा पहला राज्य नहीं है, जहां चयन के लिए दो चरणों की परीक्षा का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश और गुजरात समेत कई राज्यों में भी दो स्तर की परीक्षा के जरिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाता है।
उन्होंने कहा कि राधाकृष्ण कमेटी की रिपोर्ट में भी दो स्तरों पर परीक्षा आयोजित करने की अनुशंसा की गई है। इसके अलावा बिहार आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की ओर से भी इस व्यवस्था को लेकर अनुकूल रिपोर्ट दी गई है।
ऑब्जेक्टिव परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग
BPSC परीक्षा नियंत्रक ने स्पष्ट किया कि आयोग की ओर से आयोजित ऑब्जेक्टिव स्तर की परीक्षाओं में नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान रहता है। TRE-4 में भी परीक्षा के स्वरूप को लेकर अभ्यर्थियों को आयोग की ओर से निर्धारित नियमों के अनुसार ही परीक्षा देनी होगी।
हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के अभ्यर्थियों के अंकों में कथित अंतर को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को भी आयोग ने खारिज किया। राजेश कुमार सिंह ने कहा कि आयोग ने अभ्यर्थियों से ऐसा कोई आंकड़ा मांगा ही नहीं था, इसलिए इस आधार पर लगाए जा रहे आरोप सही नहीं हैं।
1 सितंबर से शुरू होंगे TRE-4 के आवेदन
TRE-4 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक चलेगी। परीक्षा नियंत्रक के मुताबिक आवेदन की संख्या के आधार पर परीक्षा की तारीख और आयोजन की व्यवस्था तय की जाएगी।
अगर आवेदकों की संख्या 5 लाख तक रहती है तो परीक्षा एक ही तारीख को कराई जा सकती है। वहीं, आवेदन की संख्या 5 लाख से अधिक होने पर परीक्षा दो अलग-अलग तारीखों में आयोजित किए जाने की संभावना है।
आयोग पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी करेगा और इसके बाद अभ्यर्थियों की वास्तविक संख्या के आधार पर परीक्षा कार्यक्रम जारी किया जाएगा।
दिसंबर से जनवरी के बीच हो सकती है परीक्षा
BPSC के अनुसार TRE-4 की परीक्षा दिसंबर 2026 से जनवरी 2027 के बीच संभावित है। इस भर्ती में प्रारंभिक परीक्षा (PT) और मुख्य परीक्षा (Mains) दोनों ही ऑब्जेक्टिव प्रारूप में होने की बात परीक्षा नियंत्रक ने कही है।
हालांकि, अंतिम परीक्षा तिथि आवेदन प्रक्रिया पूरी होने और अभ्यर्थियों की संख्या स्पष्ट होने के बाद ही घोषित की जाएगी।
असिस्टेंट इंजीनियर भर्ती का रिजल्ट फिलहाल अटका
प्रेस कॉन्फ्रेंस में असिस्टेंट इंजीनियर भर्ती को लेकर भी सवाल पूछा गया। इस पर राजेश कुमार सिंह ने बताया कि भर्ती से जुड़ा मामला करीब एक साल से न्यायालय में लंबित है। जब तक अदालत का फैसला नहीं आता, आयोग की ओर से परिणाम जारी नहीं किया जा सकता।
TRE-4 को लेकर आयोग की इस जानकारी के बाद अब अभ्यर्थियों की नजर 1 सितंबर से शुरू होने वाली आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा के अंतिम कार्यक्रम पर रहेगी।