नीट पेपर लीक मामले में दोषी 4 लोगों की रिमांड की अवधी बढ़ी, कोर्ट ने एक को भेजा जेल 

 

नीट पेपर लीक मामले में कोर्ट ने 4 आरोपियों की रिमांड की अवधि 4 दिन के लिए बढ़ा दी है। वहीं एक आरोपी को जेल भेज दिया है। रविवार को CBI की रिमांड पर लिए गए चार आरोपियों की अवधि समाप्त हो गई थी। इसके बाद आज CBI के स्पेशल मजिस्ट्रेट हर्षवर्धन सिंह की कोर्ट में फिर से रिमांड बढ़ाने की मांग CBI ने की। स्पेशल मजिस्ट्रेट हर्षवर्धन सिंह चार आरोपी अमन, एहसान, इम्तियाज और जमालुदीन को फिर से रिमांड पर भेज दिया है।

नीट पेपर लीक मामले में CBI की टीम ने 3 जुलाई को धनबाद से अमन सिंह को गिरफ्तार किया था। उसे अगले दिन पटना के कोर्ट में पेश किया गया। पेशी CBI के स्पेशल मजिस्ट्रेट हर्षवर्धन सिंह की कोर्ट में हुई थी। पेपर लीक के इस कांड में अमन सिंह का अहम रोल है। साथ ही यह इस कांड में फरार चल रहे नालंदा के हिलसा के रहने वाले रॉकी का खास आदमी है। इसके बाद अमन सहित 5 लोगों को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू हुई थी।

CBI के अनुसार अमन सिंह से काफी सारे सवालों के जवाब अभी और जानना है। इस कारण आज कोर्ट से CBI के वकील ने इसके रिमांड की मांग की, जिसे कोर्ट ने मंजूर किया और 4 दिनों के रिमांड पर CBI को सौंप दिया। वहीं एक आरोपी चिंटू को जेल भेज दिया गया।

अमन सिंह समेत आज कोर्ट में कुल 5 आरोपियों की पेशी हुई थी, जो पहले से CBI के रिमांड पर थे। आज रिमांड खत्म हो गई थी। इस कारण आज सभी को कोर्ट में पेश किया गया। इसमें अमन, चिंटू, हजारीबाग के ओएसिस स्कूल के प्रिंसिपल एहसान उल हक, वाइस प्रिंसिपल इम्तियाज और जमालुद्दीन शामिल हैं। चिंटू को छोड़ सभी को रिमांड पर भेजा गया है।

सूत्रों के अनुसार पहले से गिरफ्तार चिंटू और मुकेश ने पूछताछ के दौरान अमन सिंह का नाम खोला था। इन दोनों से मिले लीड के बाद ही CBI की एक टीम धनबाद गई थी। पुख्ता इनपुट और लोकेशन मिलने के बाद वहां छापेमारी की और फिर अमन को गिरफ्तार कर पटना ले आई