Budget 2026-27: विकसित भारत की रफ्तार बढ़ाने वाला बजट 2026-27, युवाओं और रोजगार पर खास फोकस- डॉ. प्रेम कुमार

 

Budget 2026-2027: बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने केंद्रीय बजट 2026-27 की सराहना करते हुए इसे जनकल्याणकारी और विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ाने वाला बजट बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किया गया यह बजट देश के समग्र विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि यह बजट कृषि, उद्योग, इंफ्रास्ट्रक्चर और सेवा क्षेत्र को मजबूती देने वाला है। खास बात यह है कि बजट में युवाओं को केंद्र में रखा गया है, ताकि उन्हें शिक्षा, रोजगार और उद्यम के बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने बताया कि यह बजट तीन मुख्य बातों पर आधारित है, आर्थिक विकास को तेज करना, आम लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करना और सबको समान अवसर देना।

विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि विकास का लाभ किसानों, महिलाओं, युवाओं, आदिवासियों और समाज के हर वर्ग तक पहुंचे। इसी सोच के तहत देश में कई नई परियोजनाओं की घोषणा की गई है। रेयर अर्थ कॉरिडोर, नए फ्रेट कॉरिडोर, पूर्वोत्तर राज्यों में बौद्ध सर्किट, इंडस्ट्रियल क्लस्टर और महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल जैसी योजनाएं अर्थव्यवस्था को मजबूती देंगी और रोजगार के नए मौके पैदा करेंगी।

उन्होंने बताया कि पटना और वाराणसी में शिप रिपेयर सेंटर बनाए जाएंगे, जिससे आंतरिक जलमार्गों को बढ़ावा मिलेगा और बिहार की अर्थव्यवस्था को फायदा होगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। वहीं बायोफार्मा सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपये की “बायोफार्मा शक्ति” योजना शुरू की जाएगी, जिससे देश में मेडिकल टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलेगा।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि सेवा क्षेत्र पर विशेष फोकस रखते हुए सरकार ने 2047 तक भारत को वैश्विक स्तर पर मजबूत बनाने का लक्ष्य तय किया है। शिक्षा, रोजगार और उद्यम को जोड़कर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह बजट एक अहम कदम है।

अंत में उन्होंने कहा कि यह बजट आम जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने वाला है और आत्मनिर्भर व विकसित भारत के निर्माण में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और उनकी पूरी टीम को इस बजट के लिए बधाई दी।