पटना एयरपोर्ट पर यात्री के बैग से कारतूस बरामद, जेल भेजा गया

 

Patna Airport: पटना एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री के हैंड बैग से कारतूस मिलने का मामला सामने आया है। घटना 6 अगस्त की है, लेकिन इसकी जानकारी सोमवार को सामने आई। पुलिस ने यात्री को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया और कागजी कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया।


खगौल निवासी अंकित, स्पाइस जेट की फ्लाइट एसजी-718 से अहमदाबाद जाने वाले थे। वे ट्रेनिंग के लिए यात्रा कर रहे थे। एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान CISF के जवानों को उनके हैंड बैग में एक कारतूस मिला।


मौके पर ही अंकित को रोक लिया गया और हवाई अड्डा पुलिस को सौंप दिया गया। पूछताछ में वह यह नहीं बता सके कि बैग में कारतूस कैसे आया। एयरपोर्ट पुलिस के अनुसार, यह मामला गंभीर सुरक्षा उल्लंघन का है और जांच जारी है।