बिहार के 13 जिलों से दिल्ली के लिए शुरू हुई बस सेवा, 149 डीलक्स बसें खरीदी गईं, 150 बसें PPP मोड में भी चलेंगी

 

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में अंतरराज्यीय परिवहन को और मजबूत किया जा रहा है. इसी कड़ी में राज्य के 13 जिलों से देश की राजधानी दिल्ली के लिए नियमित बस सेवा शुरू हो गई है. ये बसें बिहार के 18 रूटों से होते हुए दिल्ली पहुंचेंगी.

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह, बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने बिहार-दिल्ली अंतरराज्यीय बस सेवा को हरी झंडी दिखाई. इसके पहले दोनों राज्यों के परिवहन सचिव (बिहार परिवहन सचिव राज कामार और दिल्ली परिवहन सचिव निहारिका राय) ने बस परिचालन के लिए एमओयू साइन किया.

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) के अनुसार, अंतरराज्यीय मार्गों पर परिचालन के लिए कुल 149 डीलक्स बसें खरीदी गई हैं. इनमें 75 नॉन-एसी और 74 एसी बसें हैं. इसके अलावा पीपीपी मोड में भी 150 बसें चलेंगी. इसके लिए बिहार में कुल 18 रूटों का चयन किया गया है.

पटना से सबसे अधिक 4 रूट, मुजफ्फरपुर और गया जी से 2-2 रूट, जबकि अररिया, बिहारशरीफ, भागलपुर, बक्सर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, मधुबनी, नवादा और पूर्णिया से 1-1 रूट दिल्ली के लिए चिन्हित किए गए हैं. हर रूट पर दिल्ली और बिहार दोनों तरफ से 12-12 परमिट का कोटा निर्धारित है.

उन्होंने आगे बताया कि इससे पूर्व बिहार-हरियाणा के बीच जुलाई में 12 रूटों पर नियमित बस संचालन के लिए एमओयू हुआ है. इसके तहत 36 बसों का परमिट निगम को मिल चुका है. इन रूटों में अधिकतर बसें दिल्ली होकर हरियाणा के अलग-अलग जगहों तक जाएंगी. इससे बिहार-हरियाणा के साथ-साथ बिहार-दिल्ली के यात्रियों को भी परिवहन सुविधा का लाभ प्राप्त होगा