डॉन बॉस्को स्कूल में बवाल: RJD प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव पर प्रिंसिपल और स्टाफ से अभद्रता का आरोप, कार्रवाई की मांग तेज

 

Bihar news: पटना में देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में शामिल डॉन बॉस्को स्कूल (दीघा शाखा) में शुक्रवार को बड़ा विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि RJD के मुख्य प्रवक्ता और हिलसा से दो बार चुनाव हार चुके शक्ति सिंह यादव स्कूल परिसर में पहुंचे और वहां स्कूल प्रबंधन व प्रिंसिपल के साथ गाली-गलौज, धमकी और बदसलूकी की।

इस घटना के बाद से शिक्षा जगत और स्थानीय अभिभावकों में तीखी नाराजगी देखी जा रही है।

क्या हुआ स्कूल परिसर में?

शिक्षण संस्थान से जुड़े लोगों के अनुसार, शक्ति सिंह यादव किसी विवादित मुद्दे को लेकर अचानक स्कूल पहुंचे। बातचीत के दौरान उनका रवैया आक्रामक हो गया और उन्होंने स्कूल प्रबंधन के कर्मियों तथा प्रिंसिपल के साथ हाथापाई और अपशब्दों का इस्तेमाल किया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि स्कूल के माहौल को बिगाड़ने वाली यह हरकत बेहद चौंकाने वाली और अस्वीकार्य है।

RJD पर उठ रहे सवाल

घटना के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है कि- “जब ऐसे लोग पार्टी के मुख्य प्रवक्ता हों, तो राजद की छवि खराब होना तय है।”

स्थानीय राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि लगातार दो चुनाव हारने के बावजूद शक्ति सिंह का बढ़ता अहंकार और विवादित व्यवहार पार्टी के लिए नुकसानदायक साबित हो रहा है।

शिक्षा संस्थान पर हमला नहीं बर्दाश्त-अभिभावक

डॉन बॉस्को देश के सबसे विश्वसनीय स्कूलों में से एक माना जाता है, जहाँ हर साल लाखों बच्चे पढ़कर करियर बनाते हैं। ऐसे संस्थान के शिक्षकों और प्रिंसिपल के साथ बदसलूकी ने अभिभावकों को भी नाराज़ कर दिया है। लोगों का कहना है कि, “स्कूल में घुसकर धमकी देना किसी अपराध से कम नहीं। कड़ी कार्रवाई जरूरी है।”

कानूनी शिकायत की तैयारी, प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव

स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने थाने और पटना प्रशासन से मांग की है कि पूरा मामला गंभीरता से लिया जाए और शक्ति सिंह यादव से पूछताछ कर सख्त कार्रवाई की जाए। सूत्रों के अनुसार, स्कूल प्रबंधन घटना से जुड़ी रिपोर्ट तैयार कर रहा है, जिसे पुलिस को सौंपा जा सकता है।