भोजपुर-बक्सर MLC उपचुनाव में बवाल! मतदान केंद्र पर हंगामा, RJD समर्थकों और मजिस्ट्रेट के बीच धक्का-मुक्की
आरजेडी प्रत्याशी सोनू कुमार राय ने आरोप लगाया कि मतदान केंद्र के बेहद करीब एक राजनीतिक दल का कार्यालय संचालित हो रहा है, जो चुनाव आचार संहिता का खुला उल्लंघन है। उन्होंने दावा किया कि इससे मतदान प्रभावित हो रहा है और प्रशासन निष्पक्ष भूमिका नहीं निभा रहा।
इतना ही नहीं, आरजेडी प्रत्याशी ने गेट पर तैनात मजिस्ट्रेट शशि भूषण तिवारी पर एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में मतदान प्रभावित कराने का भी आरोप लगाया। आरोप लगते ही मौके पर मौजूद समर्थक आक्रोशित हो गए और मजिस्ट्रेट के साथ तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
इधर, बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने पीरो प्रखंड कार्यालय स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान सुबह 8 बजे से शुरू होकर शाम 4 बजे तक जारी रहा।
भोजपुर जिले में 14 और बक्सर जिले में 11 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस चुनाव में कुल 6084 मतदाता वोट डाल रहे हैं, जिनमें पंचायत प्रतिनिधि, वार्ड पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हैं। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें देखने को मिलीं।
चुनाव को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है।
इस सीट पर एनडीए समर्थित जेडीयू उम्मीदवार कन्हैया प्रसाद और आरजेडी प्रत्याशी सोनू कुमार राय के बीच सीधी और कांटे की टक्कर मानी जा रही है। हालांकि मैदान में कुल छह उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। अब सबकी नजर 14 मई को होने वाली मतगणना पर टिकी है, जहां आरा के राजकीय कन्या प्लस टू उच्च विद्यालय में वोटों की गिनती होगी।