छपरा जहरीली शराब कांड: ‘मौत की बोतल’ का खुलासा, मुख्य आरोपी समेत 6 गिरफ्तार, पुलिस सख्त एक्शन में
ADG के मुताबिक, इस कांड में कुल 10 लोगों को नामजद किया गया था, जिनमें से 6 की गिरफ्तारी हो चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य अभियुक्त सूरज महतो भी शामिल है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
जांच के दौरान सबसे चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ, जब जब्त की गई शराब के नमूनों की लैब रिपोर्ट सामने आई। रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि शराब में मिथाइल अल्कोहल जैसे खतरनाक रसायन की मिलावट थी। यही जहरीला तत्व लोगों की मौत का कारण बना-जो शरीर में जाते ही आंखों की रोशनी छीन लेता है और अंगों को फेल कर देता है।
प्रशासन ने इस मामले में सख्त कदम उठाते हुए अलग-अलग थानों में कुल 4 केस दर्ज किए हैं और जांच तेज कर दी है। मृतकों में से कुछ का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है, जबकि अन्य शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
गौरतलब है कि बिहार में शराबबंदी लागू हुए करीब 9 साल हो चुके हैं, इसके बावजूद अवैध शराब का कारोबार पूरी तरह खत्म नहीं हो पाया है। माफिया लगातार नए तरीकों से जहरीली शराब बनाकर सप्लाई कर रहे हैं, जिससे आए दिन ऐसी घटनाएं सामने आती रहती हैं।
फिलहाल, पुलिस मुख्यालय ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। साफ संदेश दिया गया है कि अवैध शराब के इस नेटवर्क से जुड़े किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे सिंडिकेट को खत्म करने के लिए कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।