आस्था, तप और अनुशासन का पर्व है छठ”-विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार का संदेश, देश-विदेश के बिहारवासियों को दी शुभकामनाएं

 
Bihar news: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने प्रदेशवासियों के साथ-साथ देश और दुनिया भर में बसे बिहारवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

अपने संदेश में उन्होंने छठ महापर्व को बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपरा और सामाजिक एकता का जीवंत प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह पर्व केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि तप, त्याग, अनुशासन और आत्मिक साधना का अद्भुत संगम है।

सूर्य उपासना का अद्वितीय पर्व
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि चैत्र मास की शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मनाया जाने वाला यह पर्व भगवान सूर्य की उपासना को समर्पित है। अस्ताचल और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने की परंपरा जीवन के हर उतार-चढ़ाव में ईश्वर के प्रति कृतज्ञता और समर्पण का प्रतीक है।

स्वच्छता और आत्मशुद्धि का संदेश
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमें मन की पवित्रता, आत्मिक शुद्धि और जीवन में स्वच्छता बनाए रखने की प्रेरणा देता है। यह पर्व समाज को जोड़ने और सकारात्मक ऊर्जा फैलाने का कार्य करता है।

अंत में उन्होंने कामना की कि छठ महापर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए तथा समाज में एकता और सद्भाव को और मजबूत करे।