चिराग पासवान ने साधा CM पर निशाना, कहा- कभी भी गिर सकती है सरकार 
 

 

बिहार में राजनीतिक उठा-पटक के बीच एक बार फिर लोजपा (रामविलास) सांसद चिराग पासवान ने कहा कि सूबे में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पत्न जल्द ही होगा। चिराग पासवान ने कहा कि उनका मानना है कि राज्य में मध्यावधि चुनाव होंगे। नीतीश कुमार को भी इस बात का डर है, इसलिए वह समाज सुधार अभियान के बहाने यात्रा पर निकले हुए थे। चिराग ने कहा कि बिहारियों को सुधारने के लिए किसी समाज सुधार यात्रा की जरूरत नहीं है। 

चिराग पासवान ने आगे कहा कि बड़ी-से-बड़ी घटना हो जाती है लेकिन मुख्यमंत्री वहां नहीं जाते। मुख्यमंत्री पीड़ित के परिवार वालों से नहीं मिलते। उनके गृह जिला नालंदा में जहरीली शराब से इतनी बड़ी दुर्घटना हो गई लेकिन उन्होंने वहां जाना उचित नहीं समझा और न हीं इस पर कुछ बोले। कोरोना की वजह से उनकी यात्रा रूकी हुई है, लेकिन उन्हें भी पता है कि सरकार कभी भी गिर सकती है। वहीं एनडीए में चल रहे घमासान को चिराग ने गठबंधन का आंतरिक मामला बताया। 

चिराग ने कहा कि मुकेश सहनी का मामला आंतरिक विषय है। अगर वह यूपी में चुनाव लड़ना चाह रहे हैं तो क्या दिक्कत है। एक राज्य का गठबंधन उस राज्य तक सीमित रहता है। दूसरे राज्य में हर पार्टी स्वतंत्र होती है। वहीं चिराग यह भी कहते हैं कि भाजपा और मुकेश सहनी का विवाद गठबंधन के लिए सही नहीं है। वैसे भी बिहार एनडीए में कुछ भी सही नहीं चल रहा। भाजपा और जदयू में विवाद चल रहा है। 

वहीं बिहार में एमएलसी चुनाव को लेकर चिराग पासवान ने कहा कि यहां भी हम अकेले लड़ेंगे। भाजपा के कई नेता चिराग पासवान को एनडीए में लाना चाहते हैं, जिनका वह सम्मान करते हैं।  लेकिन अभी किसी से कोई गठबंधन नही करेंगे। 2024 में पार्टी किसी के साथ गठबंधन करने की सोचेगी। अभी हमारा पूरा ध्यान पार्टी की मजबूती को लेकर है। वहीं चिराग की पार्टी उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमाने जा रही है। बता दें कि लोजपा (रामविलास) यूपी में 100 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने की तैयारी में है। वहीं वह उत्तराखंड में भी अकेले चुनाव लड़ने वाले हैं। चिराग ने पहले भी कहा था कि गठबंधन में चुनाव लड़ने से सीटें सीमित हो जाती हैं। 

NDA को लेकर डिप्टी CM का बड़ा बयान- https://newshaat.com/bihar-local-news/big-statement-of-deputy-cm-regarding-nda-said-there-is-no-d/cid6284853.htm