चिराग पासवान की तेजस्वी को खुली चुनौती: अगर हिम्मत है तो चुनाव का बहिष्कार करके दिखाएं
Patna: बिहार की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान शनिवार को पटना पहुंचे और आते ही राजद नेता तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला। चिराग ने तेजस्वी के चुनाव बहिष्कार वाले बयान को लेकर उन्हें सीधी चुनौती दे डाली।
हिम्मत है तो बहिष्कार कर के दिखाएं
पत्रकारों से बात करते हुए चिराग ने कहा, अगर तेजस्वी यादव में सच में हिम्मत है, तो एक बार चुनाव बहिष्कार करके दिखा दें। जो पार्टी 15 साल तक सत्ता में रही हो, वह आज अकेले चुनाव लड़ने की हालत में नहीं है। और जो अकेले चुनाव नहीं लड़ सकता, वो चुनाव बहिष्कार क्या ही करेगा।
राजद और कांग्रेस, दोनों पुरानी लेकिन कमजोर
चिराग ने राजद और कांग्रेस दोनों को निशाने पर लेते हुए कहा कि राजद बिहार की सबसे पुरानी पार्टी है और कांग्रेस देश की, लेकिन दोनों में ही अब इतनी ताकत नहीं बची कि अकेले चुनाव लड़ सकें। गठबंधन के सहारे राजनीति की जा रही है।
मैंने अकेले लड़कर दिखाया
2020 विधानसभा चुनाव को याद करते हुए चिराग ने कहा, जब मेरे पिता (रामविलास पासवान) का निधन हुआ और पहले चरण का नामांकन चल रहा था, तब भी मैंने अकेले दम पर चुनाव लड़ा। विपक्ष में अगर दम है तो सामने आकर अकेले लड़ कर दिखाए।
डर फैलाना विपक्ष की आदत
चिराग पासवान ने विपक्ष पर झूठ और डर फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, लोकसभा चुनाव से पहले कहा गया था कि मोदी सरकार आने पर आरक्षण खत्म हो जाएगा, संविधान खत्म हो जाएगा। लेकिन आज सरकार को एक साल हो गया, बताइए कहां आरक्षण छीना गया? कहां लोकतंत्र की हत्या हुई?
उन्होंने SIR (समान नागरिक संहिता) और CAA (नागरिकता संशोधन कानून) को लेकर भी विपक्ष पर लोगों को भ्रमित करने का आरोप लगाया।
विपक्ष हार मान चुका है
अपने संबोधन के अंत में चिराग ने दावा किया कि विपक्ष जान चुका है कि वो चुनाव नहीं जीत सकते, इसलिए अब लोगों को डराने और भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। ये मानसिक रूप से हार चुके हैं।
चिराग पासवान का यह बयान एक तरफ जहां विपक्ष को खुली चुनौती देता है, वहीं यह भी साफ करता है कि चुनाव नजदीक आते ही बिहार की सियासत में तीखी बयानबाजी तेज होती जा रही है। अब देखना होगा कि तेजस्वी यादव इस चुनौती का क्या जवाब देते हैं।