बिहार के शहरों को मिलेगी नई रफ्तार, CM सम्राट चौधरी करेंगे 1,046 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

 

Bihar news: बिहार में शहरी विकास को नई गति देने की दिशा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बड़ा कदम उठाने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री नगर विकास एवं आवास विभाग, बुडको और मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। सरकार का दावा है कि इन योजनाओं से राज्य के शहरों में आधारभूत सुविधाओं का व्यापक विस्तार होगा और नागरिकों को बेहतर शहरी जीवन मिलेगा।

नगर विकास एवं आवास विभाग राज्य में आधुनिक और सुनियोजित शहरों के निर्माण के लिए लगभग 1 लाख करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने की महत्वाकांक्षी योजना पर काम कर रहा है। इन टाउनशिप में सड़क, जल निकासी, पेयजल, हरित क्षेत्र और अन्य आधुनिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा, ताकि भविष्य की जरूरतों के अनुरूप नए शहर तैयार किए जा सकें।

इसके अलावा मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत करीब 1,046 करोड़ रुपये की लागत वाली 982 विकास योजनाओं का भी लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में सड़क निर्माण, नाला एवं ड्रेनेज व्यवस्था, शहरी आधारभूत ढांचे के विस्तार और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने से जुड़े कार्य शामिल हैं।

सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहरों में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, जलजमाव की समस्या कम होगी और लोगों को अधिक सुविधाजनक एवं आधुनिक शहरी वातावरण मिलेगा। साथ ही यह पहल निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देने में मददगार साबित होगी।

राज्य सरकार इन परियोजनाओं को “विकसित भारत – समृद्ध बिहार” के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मान रही है। अधिकारियों के अनुसार, शहरी क्षेत्रों में तेजी से बढ़ती आबादी और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक बुनियादी ढांचे के निर्माण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।