125 यूनिट मुफ़्त बिजली योजना पर सीएम नीतीश का संवाद, 16 लाख से ज्यादा लोग ऑनलाइन माध्यम से जुड़े
Patna: बिहार के घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को राज्यभर में 16 लाख से ज्यादा लोगों से ऑनलाइन संवाद करते हुए बताया कि अब एक करोड़ 89 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 125 यूनिट बिजली बिल्कुल मुफ़्त दी जाएगी।
सीएम ने याद दिलाया कि 2005 से पहले बिहार में बिजली की स्थिति बेहद खराब थी—कई इलाकों में दिनभर में केवल 7-8 घंटे ही बिजली मिलती थी। उन्होंने कहा, “नवंबर 2005 में हमने काम संभाला और सबसे पहले बिजली व्यवस्था सुधारने का काम किया। पहले गांव-गांव बिजली पहुंचाई, फिर ‘हर घर बिजली’ योजना लाई और 2018 तक हर घर में कनेक्शन दे दिया।”
नई योजना के तहत अब लोगों को न सिर्फ सस्ती, बल्कि पूरी तरह मुफ़्त बिजली दी जाएगी। नीतीश कुमार ने बताया कि सौर ऊर्जा अपनाने वालों को भी मदद मिलेगी, ताकि उन्हें बिना रुकावट बिजली मिले और पर्यावरण को फायदा पहुंचे।
ऊर्जा मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना के विस्तार के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में ₹3,797 करोड़ की अतिरिक्त स्वीकृति दी गई है। इस योजना से इस साल राज्य सरकार पर ₹19,792 करोड़ का खर्च आएगा, जो अगले साल और बढ़ेगा।
सरकार ने यह भी फैसला किया है कि कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं को न्यूनतम 1.1 किलोवाट क्षमता का सौर संयंत्र पूरी सरकारी सहायता से दिया जाएगा। अन्य घरेलू उपभोक्ताओं को भी सोलर पैनल लगाने पर सब्सिडी मिलेगी।
मंत्री के मुताबिक, कम बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं को सीधा आर्थिक लाभ होगा और राज्य में सौर ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने ऊर्जा विभाग और मंत्री विजेंद्र यादव को बधाई देते हुए कहा, “यह योजना बिहारवासियों के जीवन में उजाला और राहत दोनों लाएगी। सरकार विकास और जनहित के काम में लगातार आगे बढ़ रही है।”